लेडी डॉन सोनू डांगर समेत 9 लोगों पर गुजसीटोक केस दर्ज, ऐसा यह गुजरात में दूसरा मामला
राजकोट. राजकोट की एक महिला अपराधी सोनू डांगर समेत 9 के खिलाफ गुजरात सरकार ने गुजसीटोक (गुजरात कंट्रोल ऑफ आर्गेनाइज्ड क्राइम) के तहत केस दर्ज किया है। 'गुजसीटोक' अधिनियम के तहत दर्ज यह राज्य में दूसरा मामला है, जबकि सौराष्ट्र क्षेत्र में यह पहला केस है। सोनू डांगर को लोग लेडी डॉन कहकर पुकारते हैं। उसे सोनल उर्फ सोनू उर्फ उषा चंदूभाई डांगर भी कहा जाता है।

भावनगर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अशोक कुमार यादव की ओर से सोनू डांगर के खिलाफ गुजरात कंट्रोल ऑफ आर्गेनाइज्ड क्राइम अधिनियम के तहत केस दर्ज करने की मंजूरी दी गई थी, जिसके बाद गुजरात में इस नए अधिनियम के तहत दूसरा मामला दर्ज किया गया है। डांगर गिरोह के खिलाफ अमरेली, भावनगर, जुनागढ, राजकोट, गिर सोमनाथ, सूरत, अहमदाबाद शहर व पाटण में अपने नेटवर्क द्वारा हत्या अपहरण, धमकी, वसूली व स्थावर संपत्ति पचा लेने के अपराध दर्ज हैं।
सोनू डांगर पर नशाबंदी अधिनियम के उल्लंघन के अपराधों समेत गैरकानूनी हथियारों की अंतरराज्यीय तस्करी के केस भी दर्ज हो चुके हैं। सभी आरोपी इन अपराधों के लिए विशेष गिरोह बनाकर गुनाह को अंजाम देने का काम करते थे। इन आरोपियों में सोनू डांगर के अलावा विंछिया निवासी शिवराजभाई उर्फ मुन्नाभाई, अमरेली जिले के सावरकुंडला के दोलती गांव का शैलेषभाई चांदू, इसी गांव का दादेश उर्फ दादूभाई, सावरकुंडला तहसील के लुवारा गांव का अशोक बोरिया, लुवारा के जैताभाई बोरिया, अमरेली जिले के वंडा का नरेन्द्रभाई खुमाण, सेजल के गौतमभाई शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications