राकेश टिकैत गुजरात दौरे पर, कहा- किसानों को सतर्क रहने की जरूरत, यह बहुत संवेदनशील इलाका है
अहमदाबाद। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता राकेश टिकैत राजस्थान के बाद गुजरात दौरे पर हैं। आज राकेश टिकैत ने कहा कि, हम 2 दिनों के लिए गुजरात जा रहे हैं। गुजरात बहुत संवेदनशील क्षेत्र है। हमारे किसानों को सावधान रहना चाहिए। टिकैत ने कहा कि, गुजरात में बाहरी लोगों को वहां जाने की अनुमति नहीं है। हमें राज्य के किसानों, उनके लीडरों और प्रेस को मुक्त कराना है।

Recommended Video
मालूम हो कि, इससे पहले शुक्रवार को राजस्थान के अलवर जिले में किसान नेता राकेश टिकैत के काफिले पर हमला हुआ था। कुछ लोगों ने उन पर पथराव किया था। घटना में किसी को चोट तो नहीं आई, लेकिन टिकैत की कार का पिछला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया था। बहरहाल, पुलिस हमले के आरोप में 14 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने इस मामले में दर्ज हुई एफआईआर का जिक्र करते हुए बताया कि, कुल 33 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। जिनमें से अब बाकी लोगों की तलाश जारी है।

राकेश टिकैत से जुड़े लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि, शुक्रवार को राजस्थान के अलवर जिले के ततारपुर चौराहे पर उन पर हमला हुआ था। वहां कुछ लोगों ने स्वागत के बहाने उनकी गाड़ी रुकवाई और फिर हमला कर दिया। उनके ऊपर स्याही भी फेंकी गई थी। साथ ही राकेश टिकैत की कार के शीशे भी फोड़ दिए थे। इस हमले के बाद राकेश टिकैत ने ट्वीट कर इसके लिए भाजपा पर आरोप लगाया था। उधर, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी कहा कि, दोषियों को नहीं बख्शेंगे।













Click it and Unblock the Notifications