कोरोना के बीच, 16 तारीख से पर्यटकों के लिए खुल जाएगा गिर जंगल, सफारी वैन में 3 लोग घूम सकेंगे
अमरेली। दुनिया में एशियाई शेरों के लिए पहचाने जाने वाला गिर अभयारण्य 16 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए फिर खुलेगा। कोरोना महामारी के चलते यहां किसी भी तरह की गतिविधियों पर रोक लगा दी गई थी। मगर, अब अगले महीने से फिर पर्यटक घूम सकेंगे। साथ ही सफारी वैन का भी मजा लिया जा सकेगा। फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के अधिकारियों का कहना है कि, कई महीनों बाद गिर जंगल खुल रहा है। फिर भी कोरोना को देखते हुए ही अनुमति दी जाएंगी।

सफारी वैन पर 3 लोग बैठ सकेंगे
मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) दुष्यंत वसावडा ने बताया कि, कोरोना के खतरे को देखते हुए अभी कोविड-19 के सभी दिशा-निर्देश लागू किए जाएंगे। जंगल में सैर कराने के लिए पहले एक वैन में 6 लोगों के बैठने की इजाजत दी जाती थी, लेकिन अब इसमें बदलाव करते हुए 3 पर्यटकों को ही मौका दिया जाएगा। बस में भी 50% ही पर्यटकों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बैठने दिया जाएगा।

सोशल डिस्टेंसिंग फॉलो करनी होगी
वहीं, सासण के उप वन संरक्षक (डीसीएफ) मोहन राम ने भी गिर जंगल खुलने के संदर्भ में जानकारी दी। मोहन राम ने कहा कि, सिंह सदन समेत हर जगह पर सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर सावधानी बरती जाएगी। बुकिंग शुरू होने के साथ ही पर्यटकों में जंगल घूमने का उत्साह साफ देखा जा सकता हैं

बच्चों-बुजुर्गों को अभी छूट नहीं
मोहनराम बोले कि, अब नए नियम के तहत 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों और 65 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग को अभयारण्य में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह फैसला कोरोना के संक्रमण को देखते हुए लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications