गुजरात: किराना स्टोर से खरीदे आयुर्वेदिक सिरप ने ली 5 की जान, दुकानदार समेत 3 अरेस्ट
गुजरात के खेड़ा जिले में एक बेहद ही चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मिथाइल अल्कोहल युक्त दूषित आयुर्वेदिक सिरप के सेवन से पिछले दो दिनों में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है और दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि खेड़ा जिले में नाडियाड शहर के निकट बिलोदरा गांव में एक किराना दुकानदार द्वारा 'कालमेघसव- आसव अरिष्ट' नामक आयुर्वेदिक सिरप लगभग 50 लोगों को बेचा गया था। मृतक बिलोदरा और बगडु गांव के रहने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि दूषित आयुर्वेदिक सिरप में मिथाइल एल्कोहल पाया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नडियाद के बिलोदरा गांव में दो दिनों में दो लोगों की मौत हो गई और महुधा तालुका के बागडू गांव में भी दो लोगों की संदिग्ध मौत हो गई। दो को अस्पताल में इलाज चल रहा है। इन लोगों की मौत की वजह बिलोदरा गांव में मिले सिरप बताए जा रहे हैं।पुलिस ने संदेह के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़ीया का कहना है कि पांच लोगों की संदिग्ध मौतें हुई हैं। चार का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। पांचवें का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। शुरुआती जांच के दौरान पता चला है कि सिरप के पीने से मौत हुई है। इस मामले में एक किराना स्टोर के मालिक समेत तीन को पकड़ा है।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती शख्स के ब्लड सैंपल में मेथेनॉल मिला है। फूड और ड्रग्स विभाग के साथ मिलकर इस सिरप की जांच शुरू की है। इस हादसे के शिकार हुए लोगों ने जिस सिरप को पीया था। वह अहमदाबाद की जुहापुरा इलाके में एक फैक्ट्री में बन रहा था। जिस फैक्ट्री ने बिचौलियों के माध्यम से ग्रामीण इलाकों तक पहुंचाया था।
पुलिस ने किराना स्टोर के मालिक समय तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच आगे बढ़ाई है। लेकिन इस मामले में कई सवाल भी उठ रहे हैं अगर 50 से अधिक लोगों ने इस सिरप का सेवन किया था, तो सिर्फ 7 लोगों के उपर ही उसका असर कैसे हुआ है? पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने की कोशिश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications