यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ कहां से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, उन्होंने इस सवाल के जवाब में क्या कहा?
गोरखपुर, 6 नवंबर। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में अभी कुछ ही महीने बचे हैं। अभी कुछ दिन पहले ऐसी खबर आई थी कि सपा मुखिया अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे लेकिन पार्टी ने इसका खंडन कर दिया था। वहीं अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जब चुनाव लड़ने के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने पॉजिटिव जवाब दिया है। सीएम योगी फिलहाल विधान परिषद के सदस्य हैं। गोरखपुर उनका संसदीय क्षेत्र रहा है। सीएम योगी ने यह भी बताया कि पार्टी टिकट देकर जहां से कहेगी, वहां से चुनाव लड़ेंगे। कहा कि कौन कहां से चुनाव लड़ेगा, यह पार्टी का संसदीय बोर्ड तय करता है और टिकट भी वही देता है। फिलहाल उन्होंने चुनाव लड़ने के संकेत दे दिए हैं लेकिन कहां से लड़ेंगे इसका खुलासा नहीं किया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि वे गोरखपुर या अयोध्या से चुनाव के समर में उतर सकते हैं।

गोरखपुर में पत्रकारों से हुई बातचीत में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा चुनाव में उतरने से लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि 2017 में जबसे भाजपा सत्ता में आई, उसके बाद से पिछले साढ़े चार साल में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था में बहुत सुधार हुआ है। इस दौरान एक भी दंगा नहीं हुआ। कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश को सम्मान और पहचान दोनों दिलाने का काम किया है। अयोध्या के दीपोत्सव से लेकर प्रयागराज में कुंभ के आयोजन तक उनकी सरकार ने ऐसा काम किया है जिससे यूपी के लोग आज कहीं भी जाएं, उनको सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। कहा कि भाजपा ने जनता से जो भी वादे किए थे, उसको पूरा करके दिखाया है।
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश को विदेशी निवेश के लिए बेस्ट डेस्टिनेशन बताया। कहा कि पहले भारत से निवेश बाहर जा रहा था लेकिन अब भारत में बाहर से निवेश हो रहे हैं और उत्तर प्रदेश उनको सबसे ज्यादा आकर्षित कर रहा है। उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी शानदार है और निवेशकों को सुरक्षा की गारंटी है। कोरोनाकाल में भी यूपी में भारी निवेश हुए। मोबाइल डिस्प्ले बनाने वाली एक भी कंपनी भारत में नहीं थी लेकिन अब उसे भी यूपी में हम ले आए हैं। यूपी की सड़कों की चर्चा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पहले गड्ढे यूपी की पहचान थे लेकिन अब एक्सप्रेसवे और फोरलेन सड़कें इसकी पहचान हैं। इसी महीने पूर्वांचल एक्स्प्रेसवे का उद्घाटन होगा जिससे 60 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। कहा कि रोजगार के मोर्चे पर भी उनकी सरकार ने बड़ा काम किया है, पिछले साढ़े चार साल में साढ़े चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications