Gorakhpur News: DDU University और "भाई" भोजपुरी के लिए करेगा यह खास पहल
Gorakhpur News: भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया "भाई" एवं अंग्रेज़ी विभाग, दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 29 दिसंबर को संवाद भवन में अंतर्राष्ट्रीय भोजपुरी संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन करेंगी।
इस कार्यक्रम के अंतिम भाग में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा .शाम 6:30 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में भोजपुरी के लिए समर्पित साहित्यकार, लेखक, समीक्षक एवं गीतकारों को "माटी के लाल" सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, भोजपुरी भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्य करने वाली भोजपुरी स्पीकिंग यूनियन, मॉरीशस की पूर्व अध्यक्ष डॉ. सरिता बुद्धू को लोक गायिका मैनावती देवी लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

यह जानकारी कार्यक्रम संयोजक द्वय डॉ. राकेश श्रीवास्तव एवं प्रो. अजय शुक्ला ने दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष "भाई" द्वारा गायन के क्षेत्र में उत्कृष्ट पारंपरिक भोजपुरी गायन की प्रस्तुति देने वाले नवोदित कलाकारों को सम्मानित किया जाता था। इस बार "माटी के लाल" सम्मान उन साहित्यकारों और गीतकारों को दिया जाएगा जिन्होंने भोजपुरी भाषा और साहित्य की निरंतर सेवा की है।
सम्मानित होने वाले प्रमुख व्यक्तित्वों में प्रो. ब्रजभूषण मिश्र, प्रो. जयकांत सिंह जय (मुजफ्फरपुर), डॉ. गोपाल ठाकुर (नेपाल), मनोज भावुक, केशव मोहन पांडेय (दिल्ली), प्रो. राम नारायण त्रिपाठी (गाजीपुर), यशिंद्र प्रसाद (पटना), कनक किशोर (रांची), संगीत सुभाष (गोपालगंज) एवं सुभाष यादव (गोरखपुर) शामिल हैं।
यह सम्मान सदर सांसद एवं भोजपुरी के सुपरस्टार अभिनेता रवि किशन जी द्वारा प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर सुप्रसिद्ध नाट्य निर्देशक मानवेंद्र त्रिपाठी के निर्देशन में भोजपुरी के शेक्सपीयर कहे जाने वाले भिखारी ठाकुर की अमर कृति "विदेसिया" का मंचन होगा।












Click it and Unblock the Notifications