DDU University: जानिए कौन हैं प्रो. अजय शुक्ला जिन्हें कुलपति ने दी यह नई जिम्मेदारी
DDU University Latest News Hindi Gorakhpur: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पूनम टंडन के आदेशानुसार अंग्रेज़ी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो. अजय कुमार शुक्ला को एम्प्लॉयमेंट ब्यूरो, गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल का निदेशक नियुक्त किया गया है। इस सेल का मुख्य कार्य छात्रों को करियर मार्गदर्शन, प्लेसमेंट के लिए तैयारी और नौकरी के अवसरों से जोड़ना है, ताकि वे अपने करियर में सफल हो सकें। विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्रों के प्लेसमेंट एवं कैरियर को लेकर कुलपति प्रो पूनम टंडन द्वारा इस सेल का गठन किया गया था, क्योंकि विद्यार्थियों को आकर्षित करने एवं विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय रैंकिंग बढ़ाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका गई।

यह उल्लेखनीय है कि प्रो. अजय शुक्ला अंग्रेज़ी विभाग में 27 वर्षों का शिक्षण अनुभव रखते हैं। वे विभागाध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं और अपने कार्यकाल में विभाग के शैक्षणिक और प्रशासनिक विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इससे पहले प्रो. अजय शुक्ला ने क्रीड़ा परिषद अध्यक्ष, हॉस्टल वार्डेन, एनएसएस समन्वयक, विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी और बीएएलएलबी समन्वयक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं।
प्रो. शुक्ला 9 से अधिक पुस्तकों के लेखक/संपादक हैं और उनके नाम लगभग 40 शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हैं। उन्होंने 110 से अधिक व्याख्यान विभिन्न राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों, कार्यशालाओं एवं शैक्षणिक मंचों पर दिए हैं। इसके साथ ही वे विद्यार्थियों के शैक्षणिक मार्गदर्शन हेतु एक यू ट्यूब चैनल भी संचालित करते हैं, जिस पर नियमित रूप से उपयोगी शिक्षण सामग्री अपलोड की जाती है। प्रो शुक्ला राज्य और राष्ट्रीय स्तर के कई पुरस्कारों से सम्मानित हो चुके हैं तथा गोरखपुर शहर के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications