UP : नये साल पर बनारस जा रहे कार सवार तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत
गोरखपुर में कार और डंपर की एक्सीडेंट में तीन युवकों की मौत हो गयी है। तीनों महराजगंज के रहने वाले थे।

Gorakhpur News : गोरखपुर से बनारस जा रही कार की शनिवार देर रात बेलीपार थानाक्षेत्र के महोब गांव के पास डंपर से टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि दो युवक गंभीर रुप से घायल हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। तीनों युवक महराजगंज के रहने वाले हैं। इनकी मौत की खबर से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक,महराजगंज के ठूठीबारी के गड़ौरा के रहने वाले शिवांश मिश्रा, निचलौल के आयुष्मान सिंह, युग राजपूत, कोर्टवार्ड निवासी आशीष मद्देशिया, हर्रेडिह वार्ड निवासी अब्दुल, अरबाज शनिवार रात कार से बनारस के लिए निकल पड़े। गोरखपुर पहुंच उन्होंने कुछ दोस्तों से मुलाकात की और कौड़ीराम होकर बनारस के लिए निकल पड़े। रात का समय और घना कोहरा मौत बन कर आया। अभी वह बेलीपार के महोब गांव के ओवर ब्रिज के पास पहुंचे थे। इसी बीच डंपर सामने से आ गयी। कार डंपर में जाकर टकरा गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार तीन युवकों आशीष,आयुष्मान व अब्दुल अहद की मौके पर ही मौत हो गयी जबाकि शिवांश मिश्रा,अरबाज और गोलू गंभीर रुप से घायल हो गए।
आयुष्मान परिवार के लिए बहुत कुछ करना चाहता था। वह अपनी बड़ी बहन को पढ़ा लिखा कर कुछ बनाना चाहता था।अब्दुल अहद तीन बहनों और भाई अनस से छोटा था। अब्दुल महराजगंज से पॉलीटेक्नीक कर रहा है। आशीष मद्देशिया बड़े भाई विपिन से छोटा था और कॉस्मेटिक की दुकान चला रहा था। तीन युवकों की मौत से महराजगंज के निचलौल में शोक की लहर है।












Click it and Unblock the Notifications