UP: 12 घंटे तक नदी में डूबने के बाद भी कैसे जिंदा रही 60 साल की बुजुर्ग महिला, सब हैरान
गोरखपुर में एक बुजुर्ग महिला को जिंदा देख सभी हैरान हैं। महिला पैर फिसलने से रोहिन नदी में डूब गयी थी। सुबह जब जाल के माध्यम से बाहर निकली तब वह जिंदा थी।

Gorakhpur News: नदी में गिर कर किसी की जान बच जाए ऐसा बहुत कम ही होता है। वह भी कोई पूरी रात नदी में गिर कर सुबह जिंदा बच जाए तो इसे ईश्वर की साक्षात कृपा ही कहेंगे। एक ऐसा ही मामला गोरखपुर के जंगल कौड़िया क्षेत्र में बहने वाली रोहिन नदी से सामने आया हैं। यहां मछुआरों ने मछली के लिए नदी में जाल डाला था। जब जाल बाहर खींचा तो उसमें एक 60 साल की बुजुर्ग महिला थी। पहले तो मछुआरों ने उसे मृत समझा लेकिन कुछ देर बाद ही वह खड़ी हो गयी। यह दृश्य देख वहां मौजूद सभी आश्चर्यचकित हो गए।
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर कुछ दिनों से एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें मछुआरों की जाल में एक महिला बाहर आती है। यह वीडियो पिछले गुरुवार का बताया जा रहा है। सोमवार से वायरल इस वीडियो के बारे में जब पुलिस को पता चला तो उन्होंने छानबीन शुरु कर दी। पता चला कि जंगल कौड़िया टोला गायघाट की रहने वाली भानमती (60) पत्नी स्वर्गीय कोमल राजभर बृहस्पतिवार की रात एक बजे घर से चुपचाप निकल गईं। जब पुलिस ने भानमती से पूछा तो उन्होंने बताया कि रात में पैर फिसलने की वजह से नदी में गिर गयी थी। सुबह मछुआरों ने उन्हें बाहर निकाला।
आज भानमती को जिंदा देख सब हैरान हैं। उसे देखने के लिए गांव के लोगों के आने का क्रम बना हुआ है। सभी सिर्फ यही चर्चा कर रहे हैं कि 12 घंटे तक नदी में रहने के बाद भी उसकी जान कैसे बच गयी। वहीं चिकित्सकों का कहना है कि ऐसा बहुत कम होता है कि इतने देर तक पानी में रहने के बाद कोई जिंदा बच जाए। हालांकि फेफड़े में पानी न भरने से व्यक्ति सुरक्षित रह सकता है।












Click it and Unblock the Notifications