Gorakhpur: पुलिस को 1 साल में 479 बार दौड़ा चुका है यह शख्स, इस सुविधा का करता है नाजायज इस्तेमाल
गोरखपुर पुलिस ने हाल ही में डायल 112 पर फर्जी सूचना की कॉल करने वालों की एक सूची बनाई। जिसमे कुछ हैरान करने वाले आंकड़े सामने आए हैं। यहां एक शख्स पिछले एक साल में 479 बार पुलिस कंट्रोल में कॉल कर फर्जी सूचना दे चुका है। इससे पुलिस के लगभग 10 दिन केवल इसी की कॉल सुनने में व्यर्थ हो गए। अगर इन कॉल पर की गई भागदौड़ की बात करें तो उसका कोई हिसाब ही नहीं है।
365 दिनों में 479 फर्जी कॉल
दरअसल, गोरखपुर पुलिस को जिले का एक शख्स साल भर से छका रहा है। इस शख्स का नाम रामधनी है और ये बेवजह पुलिस को अपने पीछे दौड़ाकर समय बर्बाद करता है। एक वर्ष में 479 बार पुलिस कंट्रोल में फर्जी सूचना दे चुका है। यही नहीं इसके अलावा भी कुछ लोग हैं, जिनके लिए फर्जी फोन काल कर पुलिस को परेशान करना एक शौक बन गया लगता है।

आपको बता दें रामधनी न तो गैंगस्टर है और न ही हिस्ट्रीशीटर। इस व्यक्ति पर कोई मुकदमा भी नहीं है, लेकिन पुलिस के लिए रामधनी बड़ा सिरदर्द बना हुआ है। इसने बीते एक वर्ष में 479 बार फोन करके पुलिस को अपने पीछे दौड़ाया है। इसके एलावा जिले में उसी की तरह आठ अन्य लोग भी हैं, जिनके लिए फर्जी फोन काल कर पुलिस को परेशान करना और पुलिसकर्मियों का कीमती समय बर्बाद करना एक शौक बन गया लगता है।
एक वर्ष में पुलिस के 12 दिन (297 घंटे) बर्बाद
इसके लिए यूपी 112 पर फर्जी फोन काल से परेशान पुलिस ने कालरों के नंबरों की जब सूची बनवाई तो इनकी जानकारी सामने आई। इनसे परेशान होकर पुलिस ने अब स्थानीय कंट्रोल रूम में इनके नंबर चस्पा कर दिए हैं ताकि समय बर्बाद न हों। जिले के नौ लोगों ने एक वर्ष में पुलिस के 12 दिन (297 घंटे) घंटे फर्जी सूचना देकर केवल फोन सुनने में बर्बाद कर दिए। इनकी सूचना पर हुई दौड़भाग में व्यर्थ हुए समय का तो कोई हिसाब ही नहीं है।
इसमें 10 दिन गुलरिहा क्षेत्र के रामधनी की वजह से खराब हुए। एक जुलाई, 2022 से 31 जुलाई, 2023 के बीच फोन करके भूमि पर कब्जे व पड़ोसियों से विवाद होने की 479 फर्जी सूचना अकेले रामधनी ने दी। उनके अलावा कैंपियरगंज के बद्री साहनी, रुस्तमपुर के विजय दूबे, झंगहा के राजू कुमार, मुंडेरा बाजार की मुन्नी देवी, सहजनवां के दिलीप उपाध्याय, हरपुर-बुदहट के राकेश यादव, खजनी के धर्मेंद्र प्रजापति और चौरी चौरा के उदित मंडल फर्जी सूचना देकर दो दिन (करीब 48 घंटे) बर्बाद किए हैं।
शांति भंग में चालान, फिर भी नहीं मान रहे सनकी
वहीं रामधनी ने कई पुलिसकर्मियों के विरुद्ध दूसरे पक्ष के प्रभाव में आकर फर्जी रिपोर्ट लगाने की शिकायत भी की है। परेशान करने पर शांति भंग की आशंका में चालान होने के बाद भी रामधनी ने डायल 112 पर फोन करना नहीं छोड़ा। उधर रामगढ़ताल क्षेत्र का युवक कंट्रोल रूम में फोन करके पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को गाली दे रहा था। कई बार फोन आने पर थाने से पुलिस पहुंची तो सिपाहियों को भी धमकी देने लगा। थानेदार ने सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कर शांतिभंग में चालान किया।












Click it and Unblock the Notifications