Gorakhpur की शगुन ने टेनिस में लगाई जीत की हैट्रिक,जीता स्वर्ण पदक
गोरखपुर की टेनिस खिलाड़ी शगुन ने जालंधर में आयोजित आल इंडिया रैंकिंग टेनिस नेशनल सीरीज में स्वर्ण पदक जीता है। यह उनकी लगातार तीसरी जीत है।

Gorakhpur News: गोरखपुर की टेनिस खिलाड़ी शगुन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पंजाब के जालंधर में आयोजित आल इंडिया रैंकिंग टेनिस नेशनल सीरीज अंडर 16 में हुए डबल्स खिताब में महाराष्ट्र की आकृति के साथ मिलकर स्वर्ण पदक जीता। दोनों ने दिल्ली की रिया सचदेवा और याशिका की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से पराजित किया।
जीत की लगाई हैट्रिक
सोलह वर्ष के नीचे देश की नंबर चार खिलाड़ी महाराष्ट्र की आकृति नारायण और नंबर पांच खिलाड़ी गोरखपुर की शगुन ने आल इंडिया सीरीज के डबल्स लगातार तीसरी जीत दर्ज की है। इससे पहले इन दोनों की जोड़ी ने कोलकाता में भी अंडर 16 और अंडर 18 वर्ग का डबल्स खिताब जीता था। इस प्रतियोगिता में शगुन व आकृति की जोड़ी को टाप सीड मिला था। इसलिए उन्हें प्री-क्वार्टर फाइनल में बाई मिल गया। क्वार्टर फाइनल में हरियाणा की स्वाति सिंह और पंजाब की तमन्ना वालिया को तीन सेटों तक चले रोमांचक मैच में 4-6, 7-5 10-8 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में भी नजदीकी मुकाबले में दिल्ली की कुमकुम और चंडीगढ़ की अहाना कौर की जोड़ी को तीन सेटों तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 6-0, 6-7, 12-10 से पराजित किया।
जालंधर में ही 19 दिसंबर से अंडर 18 वर्ग में आल इंडिया रैंकिंग टेनिस प्रतियोगिता शुरू हो रही है। इसमें भी शगुन सिंगल्स के अलावा डबल्स में भी प्रतिभाग कर रही हैं। डबल्स में उनकी जोड़ीदार महाराष्ट्र की आकृति हैं।
शगुन बचपन से ही टेनिस खेल रही हैं। 11 वर्ष में उन्होंंने पहला राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा जीता था। भाई शुभम भी अच्छे खिलाड़ी हैं। इन्हीे को देख शगुन को प्रेरणा मिली और उन्होंने टेनिस खेलना शुरु किया। शगुन अपने पिता व भाई को अपना कोच मानती हैं।












Click it and Unblock the Notifications