दूसरी पत्नी के साथ रहता था हेड कांस्टेबल पिता, बेटा गया मिलने तो थाने में ही कर दी हत्या
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चौरीचौरा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात को पारिवारिक विवाद के कारण हेड कांस्टेबल ने निजी राइफल से अपने बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही थाने में मौजूद सिपाही मौके पर पहुंचे और आरोपी हेड कांस्टेबल को हिरासत में ले लिया और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया है।

बता दें कि गाजीपुर जिले के बहरियाबाद के रहने वाले हेड कांस्टेबल अरविंद यादव ने दो शादी की है। मौजूदा वक्त में वह अपनी दूसरी पत्नी के साथ गोरखपुर के कूड़ाघाट इलाके में रहता है और चौरीचौरा थाने के हल्का नंबर तीन पर तैनात है। वहीं पहली पत्नी अपने बच्चों के साथ गाजीपुर में रहती है।
बुधवार की देर रात को पहली पत्नी का 18 वर्षीय बेटा विकास चौरीचौरा थाने पहुंचा तो उसे देखते ही आरोपी हेड कांस्टबेल भागने लगा। इस दौरान बेटे के विरोध करने पर मारपीट शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर हेड कांस्टेबल ने अपनी लाइसेंसी राइफल से बेटे को गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सिपाहियों ने साथी हेड कांस्टेबल को हिरासत में ले लिया।

सीओ चौरीचौरा सुमित शुक्ला ने कहा कि पारिवारिक विवाद में सिपाही ने अपनी निजी राइफल से बेटे को गोली मारी है। बता दें कि वारदात के बाद साथी पुलिसकर्मियों ने पहले बताया कि राइफल्स को साफ करने के दौरान गोली चली और बेटे की मौत हो गई। हालांकि जब एसओ द्वारा जांच का निर्देश दिया गया तो पता चला कि हेड कांस्टेबल ने अपने बेटे की हत्या कर दी।












Click it and Unblock the Notifications