Job In UP: DDU University के छात्रों ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, इस कंपनी में हुआ चयन, ऐसे मिली कामयाबी
DDU University Gorakhpur News Uttar Pradesh: दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है कि विश्वविद्यालय के बी.टेक इलेक्ट्रॉनिक्स शाखा के तीन मेधावी छात्रों - प्रांजल पांडे, रिशु गुप्ता और विकास यादव का चयन गोरखपुर की उभरती हुई तकनीकी कंपनी रोबोटिक्स एरा प्राइवेट लिमिटेड में हुआ है।
इनमें प्रांजल पांडे को सीनियर ऑपरेशंस मैनेजर के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं रिशु गुप्ता और विकास यादव का चयन जूनियर एक्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर किया गया है। उल्लेखनीय है कि चयनित तीनों विद्यार्थियों ने कंपनी में अपने-अपने पदों पर कार्यभार संभाल लिया है और वे अपनी जिम्मेदारियों का कुशलता से निर्वहन कर रहे हैं।
रोबोटिक्स एरा प्राइवेट लिमिटेड एक नवाचार-आधारित तकनीकी कंपनी है, जो रोबोटिक्स, एस.टी.ई.एम. शिक्षा, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आई.ओ.टी.) और एम्बेडेड सिस्टम जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में कार्यरत है।
यह प्लेसमेंट ड्राइव विश्वविद्यालय के एम्प्लॉयमेंट ब्यूरो, गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा 21 अप्रैल, 2025 को आयोजित की गई थी। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत लिखित परीक्षा, तकनीकी साक्षात्कार और व्यक्तिगत संवाद के विभिन्न चरण शामिल थे, जिसमें इन तीनों विद्यार्थियों ने अपनी असाधारण प्रतिभा और तकनीकी समझ का प्रदर्शन किया।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा
इस अवसर पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता न केवल हमारे विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि यह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और उद्योगों के साथ मजबूत जुड़ाव को भी दर्शाती है। मुझे गर्व है कि हमारे विद्यार्थी नवाचार के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहे हैं और हमें विश्वास है कि ये विद्यार्थी भविष्य में विश्वविद्यालय और समाज का नाम और ऊंचा करेंगे। विश्वविद्यालय सदैव इस दिशा में प्रयासरत रहेगा कि विद्यार्थियों को सर्वोत्तम अवसर और मार्गदर्शन मिल सके।
निदेशक, एम्प्लॉयमेंट ब्यूरो, गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल ने कहा
प्रो. अजय कुमार शुक्ल, निदेशक, एम्प्लॉयमेंट ब्यूरो, गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल ने कहा, हमारे विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल तकनीकी शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को ऐसा माहौल प्रदान करना है, जिसमें वे उद्योगों की आवश्यकताओं को समझते हुए अपने कौशल को विकसित कर सकें। यह प्लेसमेंट दर्शाता है कि दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सदैव तत्पर है। हमें गर्व है कि प्रांजल, रिशु और विकास जैसे विद्यार्थी हमारे विश्वविद्यालय का हिस्सा हैं, जिन्होंने इस अवसर को सफलता में बदल कर दिखाया।
विश्वविद्यालय प्रशासन, इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग तथा संबंधित प्राध्यापकों ने इन विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि न केवल इन छात्रों की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि यह विश्वविद्यालय की शिक्षण पद्धति, उद्योग से जुड़ाव और तकनीकी क्षेत्र में उसकी बढ़ती साख का भी प्रमाण है।












Click it and Unblock the Notifications