"दीक्षोत्सव" के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र वितरण
DDU University Gorakhpur: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में 44वें दीक्षांत समारोह को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने हेतु महामहिम कुलाधिपति की प्रेरणा से आयोजित "दीक्षोत्सव" कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। आज इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को कुलपति प्रो पूनम टंडन ने सम्मानित एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
दीक्षोत्सव की प्रतियोगिताएं बहुआयामी रहीं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। प्रमुख प्रतियोगिताओं में तरंग सांस्कृतिक प्रकोष्ठ द्वारा नृत्य, गायन, वाद्य एवं चित्रकला जैसी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, क्रीड़ा परिषद द्वारा खेल प्रतियोगिताएं, दीक्षांत समारोह लोगो डिज़ाइन प्रतियोगिता तथा विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए ग्रामों में रचनात्मक एवं सामाजिक जागरूकता आधारित प्रतियोगिताएं शामिल थीं।

प्रमाण पत्र वितरण सत्र में कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा-
"प्रतियोगिताएं केवल पुरस्कार प्राप्ति तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि ये छात्रों के व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना को सुदृढ़ करने में सहायक होती हैं। दीक्षोत्सव विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का संचार करता है और उन्हें सृजनात्मक ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा देता है।"
प्रतिकुलपति प्रो. शान्तनु रस्तोगी ने कहा कि प्रतियोगिताएं छात्रों की बहुआयामी प्रतिभा को अभिव्यक्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता है। उन्होंने विजेताओं से सतत उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने का आह्वान किया।
प्रमाण पत्र वितरण समारोह महायोगी गुरु श्रीगोरक्षनाथ शोधपीठ में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का संयोजन अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अनुभूति दूबे ने किया तथा संचालन डॉ. मनीष पांडेय ने किया।
इस अवसर पर दीक्षांत समारोह संयोजक प्रो. नंदिता सिंह, तरंग की निदेशक प्रो. उषा सिंह, प्रतियोगिता प्रभारी प्रो. सुधा यादव, डॉ. विजय चाहल, डॉ. सत्यपाल सिंह सहित अनेक प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications