CM Yogi ने गोरखनाथ मंदिर में जनकल्याण के लिए किया रुद्राभिषेक
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक कर जनकल्याण की कामना की। इस दौरान सीएम योगी का शिवप्रेम देखने योग्य था। पूरी पूजा के दौरान वह भगवान शिव के प्रति समर्पित रहे।
सीएम योगी ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में अपने आवास के प्रथम तल पर स्थित शक्तिपीठ में विधि विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। मठ के मुख्य पुरोहित आचार्य रामानुज त्रिपाठी व अन्य आचार्य एवं पुरोहितगण ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कराया। इस दौरान भगवान शिव को प्रिय भांग, धतूरा,बेल पत्र,पुष्प, चंदन, दूध, दही सभी सामग्रियां मौजूद थीं। रुद्राभिषेक के बाद उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन व आरती की। इस दौरान सीएम ने पूरे विश्व के कल्याण के लिए सुख और समृद्धि की कामना की।

सीएम योगी गोरखपुर दौरे पर शनिवार को गोरखपुर आए थे। उन्होंने सोमवार सुबह भी अपनी परंपरागत दिनचर्या का पालन किया। सीएम ने सर्वप्रथम ब्रम्हमुहूर्त में गुरु गोरक्षनाथ की पूजा अर्चना की। तत्पश्चात उन्होंने पूरे मंदिर परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गौ सेवा भी की। सीएम ने रुद्राभिषेक के बाद प्रदेश के कई जिलों से आए फरियादियों की समस्याएं भी सुनी।












Click it and Unblock the Notifications