मंच से महिला नेता ने संजय निषाद के बेटे पर लगाए रेप के आरोप, वीडियो वायरल
गोरखपुर। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर संजय निषाद और उनके बेटे श्रवण निषाद पर पूर्व महिला मोर्चा नेता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। यह आरोप महिला नेता ने मंच से भाषण देते हुए लगाए जिसका वीडियो वायरल हो गया। महिला का कहना है कि श्रवण निषाद ने उनके साथ जबरदस्ती की और संजय निषाद ने उसे धमकी दी है। संजय निषाद ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए इसे विरोधियों की साजिश करार दिया है।

महिला नेता का वीडियो वायरल
निषाद पार्टी से टूटकर अलग हुए संगठन महारुद्र सेना के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में महिला नेता ने संजय निषाद पर धमकी देने और उनके बेटे श्रवण निषाद पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में महिला नेता कहती दिख रही हैं कि शादी का झांसा देकर श्रवण निषाद ने उनके साथ संबंध बनाया और संजय निषाद पर धमकाने का आरोप लगाया। आरोप लगाने वाली नेता निषाद पार्टी में मध्य प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष रह चुकी हैं।

संजय निषाद ने दी सफाई
इस मामले पर डॉक्टर संजय निषाद ने मीडिया के सामने आकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके ऊपर जो धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं, वो पूरी तरह से निराधार है। जब उनसे यह सवाल किया गया कि बेटे के ऊपर शारीरिक शोषण करने के जो आरोप लग रहे हैं, वो कहां तक सही हैं, तो उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अस्तित्व में आने के बाद जिन लोगों को उन से नुकसान हुआ है, वे इस तरह का कुचक्र रच रहे हैं। संजय निषाद के बड़े पुत्र प्रवीण निषाद संतकबीरनगर से भाजपा से सांसद हैं।

महिला ने दर्ज कराया बयान
सूत्रों की मानें तो शाहपुर थाने में तहरीर देने वाली मध्य प्रदेश महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने अपना बयान भी दर्ज कराया है। पुलिस के आलाधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ तो जहां निषाद पार्टी की किरकिरी होना तय है तो वहीं डॉ. संजय निषाद के बेटे श्रवण निषाद के ऊपर गिरफ्तारी की तलवार भी लटक सकती है।












Click it and Unblock the Notifications