शादी में घराती और बराती हो गए बीमार, 100 से ज्यादा लोगों को होने लगी उल्टी-दस्त
गोंडा। यूपी के गोंडा फूड पॉइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया है। यहां करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के चकरौत गांव के शिवलालपुरवा में देर रात फूड पॉइजनिंग होने के चलते करीब 100 लोग बीमार हो गए। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर करनैलगंज व परसपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की सूचना मिलने के बावजूद मुख्य चिकित्साधिकारी अब तक मौके पर टीम नहीं भेज सके हैं। जिससे बीमार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और लोग मजबूर होकर झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज करवा रहे हैं।

आपको बता दें कि करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के चकरौत गांव के मजरे शिवलालपुरवा में बारात आई थी। वैवाहिक समारोह में शामिल लोगों ने रात में खाना खाया। खाना खाते ही लोगों को उल्टी-दस्त होने लगे। लोग जब तक समझ पाते तब तक घराती व बाराती पक्ष के करीब 100 लोग फूड पॉइजनिंग की चपेट में आ गए।

आनन-फानन में बीमार लोगों को करनैलगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। कुछ लोगों को परसपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। सुबह होते-होते बीमार लोगों की संख्या 150 के पार पहुंच गई है। वहीं इस घटना की सूचना मिलने के बावजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी की तरफ से मौके पर अब तक टीम नहीं भेजी जा सकी हैं। जिससे बीमार लोगों को इधर-उधर झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज कराना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications