गोंडा अपहरण कांड: मेडिकल छात्र गौरव को प्रेमजाल में फंसाकर किडनैप कराने वाली डॉक्टर प्रीति गिरफ्तार
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा में कोतवाली नगर थानाक्षेत्र में बीते दिनों हनी ट्रैपिंग मामले में फंसाकर मेडिकल छात्र गौरव हालदार का अपहरण कर 70 लाख रुपये फिरौती की मांग की गई थी। इस मामले में पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया था। अब फरार चल रही 25 हजार की इनामी आरोपी डॉक्टर प्रीति मेहरा को गोंडा स्वाट टीम ने हरियाणा के झज्जर जिले से गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।

5 आरोपी पहले से गिरफ्तार
आईजी डॉक्टर राकेश सिंह ने खुलासा करते हुए बताया कि गोंडा जिले से मेडिकल छात्र गौरव हालदार को प्रीति मेहरा अपने सहयोगियों की मदद से अपहरण कर दिल्ली लेकर चली गयी, उसके बाद 70 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने 5 आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया था। आरोपी डॉक्टर प्रीति मेहरा फरार चल रही थी। उसे गोंडा पुलिस ने हरियाणा के झज्जर से गिरफ्तार किया है। प्रीति पर 25 हजार का इनाम था। पुलिस आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर कार्यवाही में जुट गई है।

18 जनवरी को हुआ था अपहरण
18 जनवरी को बहराइच जनपद के सत्संगनगर कॉलोनी निवासी निखिल हालदार के बेटे गौरव हालदार का गोंडा एक मेडिकल कॉलेज से अपहरण हो गया था। अपह्रत छात्र के पिता की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में केस दर्ज कर अपहृत की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगायी गयी थी। 22 जनवरी को एसटीएफ व गोंडा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ कर ग्रेटर नोएडा में आरोपी डॉक्टर अभिषेक सिंह, नीतेश, मोहित सिंह को गिरफ्तार कर अपह्रत गौरव हालदार को सकुशल बरामद कर लिया गया था। वहीं दो अन्य अभियुक्त रोहित सिंह और सतीश कुमार चौरसिया को 23 जनवरी को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है।

डॉक्टर प्रीति ने गौरव से की दोस्ती
इस घटना में अपहृत गौरव हालदार को दोस्ती के झूठे जाल में फंसाने वाली आरोपी डॉक्टर प्रीति मेहरा वांछित चल रही थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक गोंडा ने 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। सर्विलांस व कोतवाली नगर की संयुक्त टीम ने आरोपी डॉक्टर प्रीति मेहरा को हरियाणा के झज्जर स्थित उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को डॉक्टर प्रीति ने बताया कि डॉक्टर अभिषेक और उसके साथियों के साथ मिलकर गौरव हालदार का अपहरण करने की साजिश रची गई। डॉक्टर प्रीति ने गौरव से दोस्ती की और उसको मिलने के लिए गोंडा बुलाया। मिलने आए गौरव का अपहरण कर लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications