'इस बार घर में चोरी नहीं होने देंगे': पी चिदंबरम का खुलासा- गोवा में AAP और TMC के संपर्क में है कांग्रेस
पणजी, 08 मार्च। उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आने में अब कुछ घंटे ही शेष बचे हैं। अलग-अलग रुझानों में बीजेपी-कांग्रेस और अन्य पार्टियों को लेकर कई तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं। एग्जिट पोल की मानें तो इस बार गोवा में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है। दोनों ही पार्टियां बहुमत मिलने से कुछ सीट ही दूर हैं। इसी क्रम में मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने गोवा में बीजेपी को सत्ता से बाहर करने के लिए गठबंधन करने की ओर संकेत दिया।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने खुलासा किया कि कांग्रेस गोवा में इस बार भाजपा को सत्ता से बाहर रखने के लिए ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस और अरविंद केरीवाल की आम आदमी पार्टी दोनों के संपर्क में है। 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई थी लेकिन बावजूद इसके गोवा में सरकार बीजेपी ने बनाई। पिछले चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए चिदंबरम ने कहा, पार्टी अपने घर की 'दोगुनी रखवाली' कर रही है और इस बार इसे 'चोरी' नहीं होने देगी।
यह भी पढ़ें: गोवा में MGP के पास होगी सत्ता की चाबी ? BJP कर रही है पूर्व सहयोगी से बात, क्या संकेत मिला है, जानिए
गौरतलब है कि पी चिदंबरम चुनाव परिणाम आने से पहले ही गोवा पहुंच गए हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह आप और टीएमसी के संपर्क में हैं? तो कांग्रेस नेता ने कहा, 'मैं सीधे नहीं, बल्कि हमारी पार्टी के गोवा के नेता अन्य दलों के गोवा नेताओं के संपर्क में हैं।' इससे पहले पी चिदंबरम ने आम और टीएमसी को 'दलबदल करने वालों की पार्टी' कहते हुए उनके साथ से इनकार कर दिया था। उन्होंने गैर-भाजपा वोटों को विभाजित करने का आरोप लगाते हुए कहा था, 'उन्होंने अन्य दलों के दलबदलुओं के प्रवेश की अनुमति दी है और उन्हें उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है।' इस बीच ऐसी भी खबर आ रही है कि कांग्रेस अपने नेताओं को घेराबंदी करने वाले विधायकों के पास ले जा रही है और अपने उम्मीदवारों को उत्तरी गोवा के एक रिसॉर्ट में ले जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications