गोवा चुनाव: BJP के ऑफर पर उत्पल पर्रिकर आज सुनाएंगे अपना फैसला, पणजी से नहीं मिला टिकट
पणजी, 21 जनवरी। गोवा में विधानसभा चुनाव शुरू होने में अब कुछ दिन ही बचे हैं, ऐसे में राजनीतिक दलों की तरफ से उम्मीदवारों की घोषणा का सिलसिला भी शुरू हो गया है। गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर आज विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं, जिसमें वह अपने फैसले की घोषणा करेंगे। आपको बता दें कि पणजी से टिकट न मिलने से नाराज उत्पल पर्रिकर को मनाने के लिए बीजेपी ने दो अन्य सीटों की पेशकश की थी, जिस पर आज वो अपना फैसला सुनाने वाले हैं।

गौरतलब है कि गोवा में सत्तारूढ़ बीजेपी गुरुवार को अपने 34 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर चुकी है, लेकिन इसमें उत्पल पर्रिकर का नाम नदारद रहा। मनोहर पर्रिकर के पुत्र उत्पल पर्रिकर पणजी सीट से टिकट मांग रहे थे लेकिन बीजेपी ने उनकी जगह अपने मौजूदा विधायक अतनासियो मोंटेसेरेट पर भरोसा जताया। हालांकि उत्पल पर्रिकर की नाराजगी दूर करने के लिए बीजेपी ने उन्हें दो अन्य सीटों का भी ऑफर दिया है। अब देखना ये है कि उत्पल पर्रिकर किस सीट से चुनाव मौदान में उतरना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें: गोवा चुनाव: कांग्रेस ने जारी की प्रत्याशियों की चौथी लिस्ट, 5 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बाद पणजी विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराए गए थे जिसमें कांग्रेस के अतनासियो मोंटेसेरेट ने जीत दर्ज की थी। हालांकि बाद में अतनासियो कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए। उत्पल पर्रिकर भी इसी सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन भाजपा ने एक बार फिर अतनासियो को टिकट दिया है। उत्पल को लेकर फंसे पेंच पर गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कहा, 'हमारे केंद्रीय नेता उत्पल पर्रिकर के संपर्क में हैं। मनोहर पर्रिकर जब सीएम थे तब दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने अलग-अलग बातें कही थीं और अब वह राजनीतिक फायदे के लिए अलग-अलग बातें कह रहे हैं। गोवा के लोग इसे समझते हैं और फिर से बीजेपी की सरकार बनाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications