Bharat Jodo Yatra बंद करें राहुल गांधी, हिमाचल और गुजरात चुनावों पर ध्यान दें: कांग्रेस सांसद
Bharat Jodo Yatra Congress: कांग्रेस पार्टी के सांसद और गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री फ्रांसिस्को सरदिन्हा ने सोमवार को कहा कि राहुल गांधी को भारत छोड़ो यात्रा बंद करके हिमाचल प्रदेश और गुजरात पर फोकस करना चाहिए, जहां कि विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। सरदिन्हा ने दावा किया है कि सिर्फ कांग्रेस ही 'एकमात्र पार्टी' है, जो भारतीय जनता पार्टी को हरा सकती है। भारत जोड़ो यात्रा के तहत कांग्रेस पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं को 150 दिनों में 3,570 किलोमीटर की दूरी तय करने का कार्यक्रम है। यह यात्रा 7 सितंबर को तमिलनाडु की कन्याकुमारी से शुरू की गई थी और जम्मू और कश्मीर में इसके संपन्न किए जाने की योजना है।

भारत जोड़ो यात्रा बंद करें राहुल-कांग्रेस सांसद
भारत जोड़ो यात्रा के तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी अभी तक चार राज्यों को कवर कर चुके हैं। ये राज्य हैं- तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश। लेकिन, उनकी इस यात्रा के बीच में ही पार्टी के एक बड़े नेता ने जिस तरह से इसे रोकने की मांग कर दी है, उससे एक अजीब सा सवाल पैदा हुआ है। पणजी में कांग्रेस अध्यक्ष के लिए हुए चुनाव में मतदान करने के दौरान फ्रांसिस्को सरदिन्हा ने संवाददताओं से कहा- 'भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। हम चाहते हैं कि पार्टी जमीनी स्तर पर बढ़े। उन्होंने (राहुल गांधी) बहुत ही शानदार काम किया है लेकिन, अब मैं चाहता हूं कि राहुल गांधी तत्काल रुकें और हिमाचल प्रदेश और गुजरात जाएं, जहां चुनाव हैं। '

12 नवंबर को है हिमाचल में चुनाव
हिमाचल प्रदेश में एक ही चरण में 12 नवंबर को चुनाव होना है और परिणामों की घोषणा 8 दिसंबर को की जाएगी। चुनाव आयोग ने अभी तक गुजरात विधानसभा चुनावों के लिए कार्यक्रमों की घोषणा नहीं की है। सरदिन्हा का कहना है कि राहुल गांधी को इन दोनों राज्यों के लोगों को जगाने की जरूरत है, ताकि वे कांग्रेस को वोट दें।
थरूर को पीछे हट जाना चाहिए था- सरदिन्हा
दक्षिण गोवा से लोकसभा सांसद का कहना है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ही 'एकमात्र पार्टी' है, जो बीजेपी को चुनौती दे सकती है और उसे हरा सकती है। जहां तक कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव की बात है तो कांग्रेस सांसद का कहना है कि शशि थरूर को चुनावी दौर से पीछे हट जाना चाहिए था और कांग्रेस के दिग्गज नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को निर्विरोध जीतने का रास्ता साफ करना चाहिए था। उन्होंने वोटिंग के दौरान कहा था कि 'गोवा के 99 फीसदी कांग्रेसी मल्लिकार्जुन खड़गे को वोट देंगे।'(इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications