UP News: कागजों में 15 लाख खर्च, लेकिन नहीं मिला कोई सबूत, ब्लॉक प्रमुख के पति समेत बीडीओ और ठेकेदार गिरफ्तार
UP News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। गाजीपुर जनपद के भदौरा ब्लाक में 15 लाख रुपए का घोटाला किया गया जिसमें पुलिस द्वारा तत्कालीन बीडीओ, ब्लॉक प्रमुख के पति और ठेकेदार को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार करने के बाद तीनों के खिलाफ पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के आदेश पर 21 दिसंबर को डीपीआरओ द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया था।

दरअसल, यह पूरा मामला भदौरा ब्लाक पथरा गांव की है। बताया जा रहा है कि गांव के रहने वाले बबलू सिंह के मकान से शिव मंदिर तक नाला निर्माण करने का कार्य और शिव मंदिर के समीप से पानी टंकी तक नाला के मरम्मत और नवनिर्माण का कार्य कराया गया था।
जब मामले की जांच की गई तो पता चला कि इस काम के लिए फर्म राज ट्रेडर्स को एक बार 7 लाख 45 हजार 895 रुपये और दूसरी बार 7 लाख 57 हजार 577 रुपये का भुगतान किया गया था। मामले में खंड विकास अधिकारी से दोनों कार्यों की पत्रावली मांगी गई लेकिन उनके द्वारा उपलब्ध नहीं कराई गई।
उसके बाद जिलाधिकारी आर्यका अखौरी द्वारा पिछले साल 20 दिसंबर को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया गया। मामले में डीपीआरओ द्वारा समाजवादी पार्टी के ब्लॉक प्रमुख नरगिस खान और तात्कालीन बीडीओ गिरीश चंद्र सिंह के अलावा कार्यदायी संस्था के प्रोपराइटर तबरेज खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
मामले में दिलदारनगर थाना क्षेत्र की पुलिस द्वारा जांच पड़ताल की जा रही थी। बताया जा रहा है की विवेचना के दौरान ब्लॉक प्रमुख के पति औरंगजेब खान का भी नाम सामने आया। ऐसे में पुलिस द्वारा तत्कालीन बीडीओ, ठेकेदार और ब्लॉक प्रमुख के पति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई।












Click it and Unblock the Notifications