Ghazipur: स्वामी प्रसाद मौर्य का धीरेंद्र शास्त्री पर हमला, बोले- मच्छर मक्खी के भिनभिनाने से बादलों की...
Ghazipur जनपद में आयोजित बुद्ध जयंती समारोह में पहुंचे सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने संतो और बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र शास्त्री को लेकर विवादित बयान दिया है।

उत्तर प्रदेश के Ghazipur जनपद में बुद्ध जयंती कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि गेरुआ वस्त्र पहनकर मुझे धमकाने वाले सभी आतंकवादी थे। उन्होंने कहा कि धर्म की आड़ में आप किसी को नीचा नहीं कर सकते हैं।
आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कोई गेरुआ वस्त्र धारी मेरी जुबान काटने पर इनाम दे रहा था तो कोई गर्दन काटने पर इनाम की घोषणा किया था। खुली धमकी देने के बाद भी योगी सरकार द्वारा किसी के ऊपर मुकदमा नहीं दर्ज किया गया।
दरअसल, रविवार को सायं काल गाजीपुर जनपद के छावनी लाइन में बुद्ध जयंती पर एक कार्यक्रम आयोजित था। आयोजकों द्वारा कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य को आमंत्रित किया गया था। इस दौरान उन्होंने मीडियाकर्मियों के सवालों का जवाब भी दिया।
इस दौरान धीरेंद्र शास्त्री को लेकर पूछे गए एक सवाल पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मक्खी मच्छरों के भिनभिनाने से बादलों की आवाज नहीं निकल सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि देश संविधान से चलता है, बाबाओं के बयान से देश नहीं चलेगा।
वहीं दिल्ली में पहलवानों द्वारा किए जा रहे धरना प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लोकतंत्र को कुचलने का काम कर रही है। हमारी देश की गौरवशाली बेटियों का अपमान किया जा रहा है और उनके साथ न्याय नहीं हो रहा है।
वहीं कार्यक्रम में पहुंचने के बाद मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि जब परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद पाकिस्तान के टैंक तोड़े थे उस समय भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस के लोग दूर-दूर तक दिखाई नहीं दिए थे।
जो लोग हिंदू राष्ट्र की मांग कर रहे हैं वह लोग देश को बंटवारे की तरफ ले जाना चाहते हैं और संविधान के विरोधी होने के साथ ही वह लोग देश के भी विरोधी हैं और देश के दुश्मन हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि हिंदू राष्ट्र की मांग करना देश में बंटवारे का बीज बोना है।
आगे उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो काम न्यायपालिका को करना चाहिए वह काम आज गुंडे कर रहे हैं। तीन भाड़े के गुंडों ने अतीक अहमद की हत्या कर दी और सरेंडर कर दिया लेकिन पुलिस ने एक भी गोली नहीं चलाई।












Click it and Unblock the Notifications