गाजीपुर : चाची ने किया गलत काम का विरोध तो 'मुंहबोले' भतीजे ने कर दी हत्या, पुलिस ने किया खुलासा
गाजीपुर जिले के कुर्था गांव में पिछले सप्ताह महिला की हुई हत्या के मामले का रविवार को पुलिस ने रविवार को खुलासा किया, 'मुंहबोले' भतीजे ने ही महिला की हत्या की थी
गाजीपुर, 02 अक्टूबर : गाजीपुर जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत कुर्था गांव में पिछले सप्ताह सोमवार को महिला की हुई हत्या के मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। इस मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए उनके पास से हत्या में प्रयुक्त बांकी को भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार हत्यारोपी मृतका का रिश्ते में भतीजा लगता था और पारिवारिक जुड़ाव होने के चलते वह मृतका के घर पर अक्सर आता जाता था। घटना के दिन अपने मित्र के साथ मृतका के घर पहुंचा था और दोनों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी थी।

मृतिका के पति और हत्यारोपी के पिता थे सच्चे दोस्त
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए हत्यारोपी विपुल यादव ने बताया कि उसके पिता सुभाष यादव और मृतका किरण प्रजापति के पति पवन कुमार प्रजापति के बीच गहरी दोस्ती थी। यही कारण था कि हत्यारोपी विपुल यादव मृतका के घर पर अक्सर आया जाया करता था और मृतका उसे अपने भतीजे की तरह मानती थी। यह भी बात सामने आई कि मृतका को कोई गंभीर बीमारी थी और उसके पति पवन कुमार बीएसएफ में नौकरी करते थे। पति के बाहर रहने के चलते मृतका को दवा इलाज कराने के लिए विपुल ही अस्पताल ले जाता था। इन सबके बीच पवन प्रजापति भी विपुल यादव पर काफी विश्वास करता था।

महिला द्वारा विरोध करने पर कर दिया हत्या
पुलिस की पूछताछ में विपुल यादव ने बताया कि 26 सितंबर को मृतका के दोनों लड़के शुभम और सुधांशु स्कूल चले गए थे। इसी दौरान विपुल अपने मित्र अनीश यादव के साथ वहां पर पहुंचा और मृतका के घर में रखी लाइसेंसी पिस्टल निकालने लगा। किरण प्रजापति द्वारा इस बात का विरोध करते हुए कहा गया कि यह गलत काम है और पिस्टल को रख दो, नहीं तो तुम्हारे चाचा से बता दूंगी। यही बात विपुल को नागवार गुजरी और वह अपने दोस्त अनीश यादव के साथ मिलकर बांकी से वार कर किरण प्रजापति को मार डाला।
तोड़ दिए कैमरे और उठा ले गए डीवीआर
विपुल ने पुलिस को यह भी बताया कि हत्या करने के बाद उसको और उसके मित्र को लगा कि वह पकड़े जाएंगे। ऐसे में पुलिस से बचने के लिए दोनों ने सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया। उसके बाद डीवीआर उठा ले गए और डीवीआर तथा पिस्टल को गंगा नदी में फेंक दिए। इसके अलावा हत्या में प्रयुक्त बांकी को एक खेत में छुपा दिए। पकड़े जाने पर दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बांकी और उनके कपड़े को भी बरामद कर लिया है। दोनों को न्यायालय में भेजा गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications