एक तरफा मोहब्बत में हुआ दीप्ति का अपहरण, SRK की फिल्म 'डर' देख बनाया था प्लान
गाजियाबाद। स्नैपडील में बतौर इंजीनियर काम करने वाली दीप्ति सरना के अपहरण होने की गुत्थी गाजियाबाद पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस पूरे मामले में लव एंगल होने का दावा किया है और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है उनका नाम राजीव, मोहित, फहीम और देवेंद्र है। पुलिस के मुताबिक देवेंद्र ही इस कांड का मुख्य आरोपी है और उसी ने अपहरण कांड की पूरी साजिश रची थी।

पुलिस ने बताया कि देवेंद्र परयाणा सोनीपत का एक हिस्ट्री शीटर बदमाश है। पुलिस ने खुलासा किया है कि देवेंद्र दीप्ति से एकतरफा प्यार करता था और उसे यह साबित करने के लिए कि वो उसे पाने के लिए कुछ भी कर सकता है घटना को अंजाम दिया। हालांकि इस पूरे मामले में गाजियाबाद पुलिस दोपहर 1 बजे प्रेस कांफ्रेंस करेगी और एक-एक चीज साफ करेगी।

पुलिस सूत्रों से जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक इस अपहरण कांड में किसी बेहद करीबी का भी हाथ है। वहीं गाजियाबाद पुलिस दीप्ति को लेकर क्राइम सीन पर पहुंची और पूरी घटना का रूपांतरण किया। आपको बताते चलें कि दीप्ति को बीते बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे गाज़ियाबाद के वैशाली मेट्रो स्टेशन से चार लोगों ने उस वक्त अगवा कर लिया था, जब वह ऑटो से अपने घर जा रही थी। उसके पिता नरेंद्र शर्मा ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी। और फिर 36 घंटे बाद दीप्ति सही सलामत अपने घर वापस लौट आई थी। वह पानीपत में थी।












Click it and Unblock the Notifications