कृषि कानून पर PM की घोषणा के बाद राकेश टिकैत बोले- आंदोलन तत्काल वापस नहीं होगा...
गाजियाबाद, 19 नवंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को अपने 11वें संबोधन के दौरान तीन कृषि कानून बिल वापस लेने की घोषणा की है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का बयान सामने आया है। टिकैत ने कहा कि प्रधानमंत्री ने तीनों कानूनों को वापस लेने की घोषणा की है, लेकिन न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कमेटी बनाने और बिजली अमेंडमेंट समेत अन्य मुद्दों पर अभी बात होनी बाकी है।

आंदोलन तत्काल वापस नहीं होगा...
राकेश टिकैत ने पीएम मोदी की घोषणा के बाद एक ट्वीट में कहा, ''आंदोलन तत्काल वापस नहीं होगा, हम उस दिन का इंतजार करेंगे जब कृषि कानूनों को संसद में रद्द किया जाएगा। सरकार MSP के साथ-साथ किसानों के दूसरे मुद्दों पर भी बातचीत करें।''
पीएम मोदी ने तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा की
बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह 9 बजे राष्ट्र को संबोधित करते हुए तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा की है। अपने संबोधन में पीएम ने कहा, 'हम किसानों और कृषि की हालत को सुधराने के लिए नए कृषि कानून लेकर आए थे, जिससे खासकर के छोटे किसानों का भला हो। इस कानून को लाने से पहले इसकी संसद में चर्चा हुई थी। देश के किसानों, संगठनों ने इसका स्वागत भी किया था और समर्थन भी किया था, जिसके लिए मैं सभी का बहुत-बहुत आभारी भी हूं। साथियों हमारी सरकार किसानों के कल्याण के लिए नेक नियत से ये कानून लेकर आई थी लेकिन इतनी पवित्र बात हम पूर्ण रूप से कुछ किसानों को समझा नहीं पाए, हमने उनसे बातचीत करने की भी कोशिश की और हर तरह से इन कानून का महत्व समझाने का प्रयास किया लेकिन हम उन्हें समझाने में सफल नहीं हुए, ये मामला सुप्रीम कोर्ट भी गया। इसलिए अब हमने कृषि कानूनों को वापस लेने का फैसला लिया है।'












Click it and Unblock the Notifications