गाजियाबाद: शादी का झांसा देकर बनाए युवती से संबंध, अब दे रहा तेजाब डालने की धमकी
Ghaziabad News, गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शादीशुदा एक युवक ने शादी का झांसा देकर एक युवती से शारीरिक संबंध बना लिए। जब युवती को उसके शादीशुदा होने का पता चला तो युवती उसने अपने संबंध तोड़ लिए। इस बात से खफा होकर युवक ने युवती पर तेजाब डालने की धमकी दी है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कविनगर थाने में पुलिस से शिकायत की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मामला गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। युवती ब्यूटीशियन है। पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि तीन-साल पहले उसने शास्त्रीनगर के एक ब्यूटी पार्लर में नौकरी की थी। वहीं पर उसकी मुलाकात पार्लर मालिक से हुई। पीड़िता का कहना है कि उस वक्त आरोपी ने उसे अविवाहित बताया था। उसने शादी का झांसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए।
पीड़ित युवती ने बताया कि करीब आठ महीने पहले उसे पता चला कि अपने आपको अविवाहित बताने वाला युवक शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। यह पता चलने पर उसने उसके यहां से नौकरी छोड़ दी। पीड़िता का कहना है कि उसने जब दूसरी जगह नौकरी कर ली तो आरोपी युवक उसके घर पर आया उसे जान से मारने और तेजाब डालने की धमकी देने लगा। थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर आरोपी की तलाश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications