Ghaziabad Viral Video: कस्टमर को थूककर परोसा जा रहा था खाना, होटल कर्मचारी पर मुकदमा दर्ज
इस वायरल वीडियो में एक होटल कर्मचारी खाना पैक करते समय उसमे थूकता नजर आ रहा है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने होटल के बावर्ची मासूम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोशल मीडिया पर तमाम लोग सवाल भी उठा रहे हैं।

गाजियाबाद के चिकन रेस्टोरेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में होटल कर्मचारी खाना पैक करते समय पैकिंग पॉलिथिन में थूकता हुआ नजर आ रहा है। हिन्दू युवा वाहिनी कार्यकर्ताओं की शिकायत पर पुलिस ने गुरुवार रात होटल कर्मचारी मासूम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है।
Recommended Video
खाने में थूकने का वीडियो वायरल
बता दें कि पूरा मामला गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र अंतर्गत लोनी गिरी मार्केट के बराबर में स्थित सलाम होटल का है। हिंदू युवा वाहिनी के निवर्तमान जिला मंत्री शुभम कुमार द्वारा सलाम होटल के संचालक सलाम कुरेशी व अय्यूब कुरैशी के खिलाफ शिकायत की गई है कि इनके इशारे पर वहां पर काम कर रहे कर्मचारी अपने ही कस्टमर को थूक कर खाना परोसते हैं। साथ ही जो खाना पैक होकर जाता है, उसमे भी यह थूक कर खाना देते हैं।

होटल सील करने की मांग
इस होटल की एक भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है, जिसमें कर्मचारी खाने की पॉलिथिन में थूकने के बाद उसे पैक करते हुए नजर आ रहा है। उनका कहना है कि ये सीधे तौर पर आम जनता की जनभावना से खिलवाड़ है। इसी वीडियो के आधार पर हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने लोनी कोतवाली में एक शिकायती पत्र देकर होटल को सील करने की मांग की है।

अगर रेस्टोरेंट बंद नहीं हुआ तो किया जाएगा घेराव
वहीं लोनी तिराहा चौकी प्रभारी रामपाल ने बताया कि इस मामले में होटल के बावर्ची मासूम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इधर, सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हुई है, उस पर तमाम लोग सवाल भी उठा रहे हैं। वे कह रहे हैं कि वीडियो में कहीं भी कर्मचारी स्पष्ट तौर पर थूकता दिखाई नहीं दे रहा है। उधर, हिन्दू युवा वाहिनी पदाधिकारियों का कहना है कि अगर रेस्टोरेंट बंद नहीं हुआ तो उसका घेराव किया जाएगा, योगी जी को इस संबंध में पत्र लिखना पड़ा तो लिखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications