गाजियाबाद में दो भाजपा नेताओं में चले लात-घूंसे, जीडीए बोर्ड के सदस्य पवन गोयल गंभीर रूप से घायल
गाजियाबाद में दो भाजपा नेताओं में चले लात-घूंसे, जीडीए बोर्ड के सदस्य पवन गोयल गंभीर रूप से घायल
गाजियाबाद, 17 जुलाई: खबर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से है। यहां जीडीए बोर्ड सदस्य पवन गोयल और पूर्व एमएलसी प्रशांत चौधरी भिड़ गए। मारपीट के बीच पवन गोयल को चोटें आईं जिसके बाद उन्हें पटेल नगर के गायत्री अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, इस घटना के बाद पवन गोयल के भाई संदीप गोयल ने प्रशांत चौधरी के खिलाफ थाना सिहानी गेट में शिकायत दी है। पूर्व एमएलसी प्रशांत चौधरी और जीडीए बोर्ड सदस्य पवन गोयल के बीच मारपीट के मामले से भाजपा प्रदेश नेतृत्व नाराज बताया जा रहा है।

खबरों के मुताबिक, नेहरू नगर स्थित भाजपा के महानगर कार्यालय पर शुक्रवार सुबह वर्चुअल बैठक थी। बैठके में भाग लेने के लिए कार्यालय में सभी पदाधिकारी जुट रहे थे। पवन गोयल और पृथ्वी सिंह के बीच में शहर विधानसभा क्षेत्र को लेकर बात चल रही थी। इस दौरान प्रशांत चौधरी ने इसमें दखल दिया। जिसके बाद प्रशांत चौधरी और पवन गोयल के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि प्रशांत ने उन्हें गाली दीं और वैश्य समाज को लेकर अभद्र टिप्पणी की। साथ ही बाहर आने को कहा।
आरोप है कार्यालय से बाहर आते ही प्रशांत चौधरी ने पवन गोयल को पीटना शुरू कर दिया। पवन गोयल का कहना है कि प्रशांत ने इतनी बुरी तरह पीटा कि, उनके कपड़े भी फट गए। कार्यालय से अन्य पदाधिकारी बाहर आए और पवन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, अब पवन गोयल के भाई संदीप कुमार गोयल ने प्रशांत चौधरी और 4-5 अज्ञात लोगों के खिलाफ सिहानी गेट थाने में तहरीर दी है और जानलेवा हमले का आरोप लगाया है।
वहीं, अब पूर्व एमएलसी प्रशांत चौधरी और जीडीए बोर्ड सदस्य पवन गोयल के बीच मारपीट के मामले से भाजपा प्रदेश नेतृत्व नाराज बताया जा रहा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने स्वयं बैठक में मौजूद कुछ वरिष्ठ नेताओं को फोन कर मामले की जानकारी ली।












Click it and Unblock the Notifications