गाजियाबाद के डॉक्टर को मिली सिर कलम करने की धमकी, कहा - PM और CM योगी भी बचा नहीं पाएंगे
गाजियाबाद, 13 सितंबर: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक डॉक्टर को कथित तौर पर हिंदू संगठनों का समर्थन करने के लिए व्हाट्सएप पर एक यूएसए-आधारित नंबर से जान से मारने की धमकी मिली। आरोपी ने डॉक्टर को 'सर तन से जुदा' की धमकी दी और उसे हिंदू संगठनों का समर्थन न करने की चेतावनी दी। कहा कि अगर हिंदू संगठनों का समर्थन किया तो उसका सिर कलम कर दिया जाएगा। फोन करने वाले ने डॉक्टर से कहा, "न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आपकी रक्षा कर पाएंगे। हमने रेकी की है।"

यूएस बेस्ड नंबर से आए कॉल
डॉ अरविंद वत्स सिहानी गेट पुलिस थाना सीमा के अंतर्गत लोहिया नगर पुलिस चौकी के पास दो दशकों से अपना क्लिनिक चला रहे हैं। सोमवार को उन्होंने थाने में अपनी शिकायत दर्ज करवाते हुए कहा कि उन्हें एक मोबाइल नंबर से धमकी भरे कॉल आए, जिसमें यूनाइटेड स्टेट का नंबर था। हिंदू संगठनों से जुड़े रहे अरविंद वत्स ने अपनी प्राथमिकी में कहा कि उन्हें 1 सितंबर को अमेरिका के एक नंबर से व्हाट्सएप पर दो मिस्ड कॉल आए थे। 7 सितंबर को फिर से उसी नंबर से कॉल आया और फोन करने वाले ने उन्हें हिंदू संगठनों का समर्थन करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। डॉक्टर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया मामले की जांच में जुट गई। पुलिस और साइबर सेल के अधिकारी अब दोषियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटे हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
एसएसपी मुनिराज जी ने घटना के संबंध में बताया, "हमें डॉ अरविंद वत्स से शिकायत मिली, जिसके बाद गाजियाबाद पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। हम व्हाट्सएप नंबरों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं जिसके माध्यम से कॉल किए गए थे। दोषियों को गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।"












Click it and Unblock the Notifications