Ghaziabad : कार सवार नाबालिग ने कांस्टेबल को मारी टक्कर, बोनट पर 2 KM तक घसीटा, CCTV में कैद
गाजियाबाद, 14 जुलाई: यूपी के गाजियाबाद में कार सवार युवकों ने एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी को रौंदने की कोशिश कर डाली। ट्रैफिक पुलिसकर्मी कार के बोनट पर लटक जाता है। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी कार के बोनट पर लटका हुआ है। बताया जा रहा है कि कार सवार ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को अपनी कार के बोनट पर करीब 2 किलोमीटर तक घसीटा। पुलिस ने कार का नंबर ट्रेस कर पुलिस ने कार चालक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

साइकिल सवार को टक्कर मारकर भाग रहे थे कार सवार
मामला गाजियाबाद के थाना सिहानी गेट इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, होली चाइल्ड स्कूल के पास चौराहे पर कार में सवार कुछ युवकों की टक्कर एक साइकिल सवार से हो जाती है। इसके बाद कार सवार युवक वहां से निकलने की कोशिश करते हैं, लेकिन आगे खड़ा ट्रैफिक पुलिसकर्मी उन्हें रोकने की कोशिश करता है। तभी कार सवार युवक दुस्साहस दिखाते हुए कार की स्पीड बढ़ा देता है और ट्रैफिक पुलिसकर्मी को ही रौंदने की कोशिश कर डालता है।

पुलिसकर्मी को कार के बोनट पर 2 KM तक घसीटा
जान जोखिम में डालकर कार सवार को रोकने में जुटा ट्रैफिक पुलिसकर्मी बचने के लिए उछलकर बोनट पर लटक जाते हैं। ट्रैफिक पुलिसकर्मी को बोनट पर लटकाए हुए युवक करीब 2 किलोमीटर तक कार को तेज रफ्तार में भगा लेते हैं। युवक कार को भागकर यशोदा अस्पताल के पास पहुंचते हैं, जहां एक शख्स अपनी कार सामने लगा देता है, जिससे पुलिस कर्मी की जान बच जाती है।

पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार, कार जब्त
बताया जा रहा है कि इसके बाद भी कार सवार युवक ट्रैफिक पुलिसकर्मी और भीड़ से बचकर भाग गया। हालांकि, पुलिस ने नंबर के आधार पर कार सवार युवक को गिरफ्तार कर लिया है। कार चालक युवक नाबालिग था। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और अन्य युवकों की तलाश में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications