गाजियाबाद: दलित महिला को मंदिर जाने से रोका, जाति पूछकर मारी लात
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक दलित महिला को पुजारी के बेटे ने मंदिर के अंदर प्रवेश करने से रोक दिया। आरोप है कि पुजारी के बेटे ने महिला के साथ गालीगलौज की और लात मारी। इस बात को लेकर मौके पर हंगामा भी हुआ। बाद में पीड़ित महिला की ओर से थाना सिहानी गेट में तहरीर दी गई है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, नूरनगर में रहने वाली 50 वर्षीय शकुंतला देवी बुधवार सुबह घर के पास ही स्थित मंदिर में जलाभिषेक करने गई थी। महिला का आरोप है कि इसी दौरान मंदिर के पुजारी ने उसे मंदिर के अंदर जाने से रोक दिया। आरोप है कि पुजारी के बेटे ने महिला से उसकी जाति पूछी और उसके बाद उसे मंदिर में जाने से रोका। पीड़िता का कहना है कि उसने जब मंदिर जाने की बात कही तो उसके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उसके साथ गालीगलौज की गई।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह मंदिर की ओर बढ़ने लगी तो आरोपी ने उसे लात भी मारी जिससे वह गिर गई। महिला इस घटना के बाद अपने घर पहुंची और अपने बेटे एडवोकेट उदयवीर व अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद मंदिर पर आसपास के लोग पहुंच गए और हंगामा किया। घटना की जानकारी पुलिस को मिली तो वह भी मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस दोनों पक्षों में समझौता कराने के प्रयास में जुटी है। एसएचओ सिहानी गेट उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच चौकी प्रभारी प्रजंत त्यागी को सौंपी गई है। दोनों पक्षों से बातचीत और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Recommended Video



Click it and Unblock the Notifications
