गुजरात: 5 सिपाहियों ने मोदी की आवाज में बनाया टिकटॉक वीडियो, डीजीपी के आदेश का उल्लंघन
गांधीनगर। गुजरात में पुलिसकर्मियों द्वारा बनाए जा रहे टिकटॉक वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहे हैं। राज्य के पुलिस महानिदेशक ने वीडियो बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की बात कही है। फिर भी नियमों को ताक पर रखकर महिला और पुरुष सिपाही टिकटॉक नहीं छोड़ रहे। अब अहमदाबाद के पांच सिपाहियों का वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने टिकटॉक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आवाज जोड़ी है। इस वीडियो से पुलिस महानिदेशक के आदेश हवा हो गए हैं, जिसमें उन्होंने एडवाइजरी जारी की थी कि पुलिसकर्मियों द्वारा वीडियो बनाने पर संज्ञान लिया जाएगा।

गुजरात के पुलिस महानिदेशक ने दिए थे ये निर्देश
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) शिवानंद झा ने कहा था कि सिपाहियों को पुलिस की नौकरी का सम्मान करना चाहिये। कुछ गलत नहीं करना चाहिये। समाज में गलत करने वालों पर पुलिस कार्रवाइ करती है, तो पुलिस का डर इन लोगों में बना रहना चाहिये। सिपाही सोशल मीडिया का इस्तेमाल करें, इस पर कोई आपत्ति नहीं है, मगर पुलिस स्टेशन में या पुलिस के वाहनों का उपयोग करके वीडियो नहीं बनाएं। न ही यूनिफॉर्म के साथ टिकटॉक पर दिखें। यह अच्छी बात नहीं है।
वहीं, अहमदाबाद के 5 सिपाहियों का वीडियो अब वायरल हो रहा है। टिकटॉक पर बने इस वीडियो में दिख रहा है कि लोकसभा चुनाव में प्रचार के दौरान नरेंद्र मोदी ने जो शब्द बोले थे, वे इस वीडियो में डाले गए हैं। मोदी ने अपने चुनावी भाषण में कहा था, 'भाइयों और बहनों ... ज्यादा से ज्यादा ये मेरा क्या लेंगे, हम तो फकीर आदमी है, झोला लेकर चल पडेंगे..''
इस भाषण को वीडियो में डालने जाने के बाद गुजरात में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग कह रहे हैं कि यह वीडियो जीडीपी के आदेश का उल्लंघन है।












Click it and Unblock the Notifications