फिरोजाबाद: मैक्स पिकअप में कैंटर ने पीछे से मारी टक्कर, पांच की मौत
फिरोजाबाद, 30 मार्च: दर्दनाक खबर उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से सामने आई है। यहां सड़क किनारे खड़े मैक्स पिकअप गाड़ी को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मैक्स पिकअप में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक युवक को गंभीर हालत में अस्पातल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे आगरा रेफर कर दिया।

यह हादसा फिरोजाबाज जिले के टूंडला थाना क्षेत्र के टूंडला टोल प्लाजा के पास का है। प्राप्त समाचार के मुताबिक, जसराना से एक मैक्स पिकअप आलू लेकर आगरा मंडी जा रही थी। तभी गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया। चालक ने पंक्चर जुड़वाने के लिए टोल प्लाजा के समीप पंक्चर की दुकान पर गाड़ी खड़ी कर दी। मैक्स सवार सभी नीचे उतरकर खड़े हो गए थे। तभी पीछे तेज गति से आ रहे कंटेनर ने अनियंत्रित होकर मैक्स में टक्कर मार दी।
हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए आगरा रैफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बता दें कि हादसे के दौरान आगरा फिरोजाबाद हाईवे पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
हादसे में पिकअप में सवार 19 वर्षीय राम बहादुर उर्फ छोटू, 17 वर्षीय राहुल पुत्र सत्यराम सिंह निवासीगण गांव नगला कन्हैया थाना जसराना और पंक्चर जोड़ने वाले 18 वर्षीय वली मोहम्मद पुत्र खुदा बख्श निवासी पोखर वाला मोहल्ला सादाबाद जनपद हाथरस की हो गई। इनके अलावा मृतकों में राजेश कुमार लोधी (30) पुत्र कुंवर पाल व दशरथ लोधी (28) पुत्र रनवीर लोधी निवासीगण गांव बझेरा थाना सिरसागंज हैं। वहीं, मैक्स मालिक राजकुमार पुत्र हरपाल सिंह निवासी जसराना गंभीर रूप से घायल है। इनका आगरा में इलाज चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications