बारात लेकर काला चश्मा लगाए Scooty से पहुंची दुल्हन, बैक सीट पर दूल्हे को बैठाकर मारी एंट्री
फिरोजाबाद, 14 दिसंबर: शादियों के इस सीजन के बीच उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में दुल्हन की एंट्री चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां शादी के जोड़े में ब्लैक गॉगल लगाए दुल्हन जब पहुंची तो सबकी नजरें टिकीं रह गईं। दुल्हन ने स्कूटी के पीछे वाली सीट पर दूल्हे को बैठाया और स्टेज तक पहुंची। दुल्हन के पहुंचते ही लोगों ने पुष्पवर्षा कर तालियों से उसका स्वागत किया।

दिल्ली की काजल बनीं फिरोजाबाद के राहुल की दुल्हन
फिरोजाबाद के ब्लॉक एका के गांव रामपुर में राम बहादुर के बेटे राहुल की शादी दिल्ली शाहदरा मौजपुर निवासी अभिलाषाराम की बेटी काजल से तय हुई। सोमवार को रामपुर गांव में विवाह का आयोजन किया गया। खास बात ये रही कि राहुल अपनी बारात लेकर नहीं, बल्कि काजल अपनी बारात लेकर अपनी ससुराल पहुंची और दूल्हे पक्ष के लोगों ने सारी रस्मों को पूरा किया।

एक-दूसरे को पहले से जानते थे दूल्हा-दुल्हन
बता दें, राहुल और काजल एक-दूसरे को पहले से जानते थे। काजल और उनका परिवार रविवार की शाम को अपने रिश्तेदारों और पड़ोसियो के साथ फिरोजाबाद के रामपुर गांव आ गया था। सोमवार को यहीं से काजल लगभग 100 मीटर की दूरी पर अपने दूल्हे को जयमाल स्थल तक स्कूटी पर ले गई। गांव में जिसने भी दुल्हन को इस अंदाज में देखा जमकर तारीफ की।
जयमाला में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। गांव में इस नई परंपरा की शादी को जिसने भी देखा वह कौतूहल का विषय बना रहा। वहीं, कुछ लोगों ने इसे बेटी पढ़ाओ, बेटी बढ़ाओ के तहत आधुनिक विवाह करार देते हुए इसे एक अच्छा कदम बताया। आधुनिक तरीके से हुई शादी चर्चा का विषय रही।

दुल्हन ने कहा- लड़कियां भी लड़कों से कम नही हैं
दुल्हन काजल ने बताया कि अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए उन्होंने ऐसा किया। वह खुद अपने दूल्हे को स्टेज तक ले गईं। काजल ने कहा कि आज के जमाने मे लड़कियां भी लड़कों से कम नही हैं। बता दें, रामपुर गांव में में हुई इस नई परंपरा की शादी चर्चा की विषय बनी है।












Click it and Unblock the Notifications