Heath Streak: जिम्बाब्वे के क्रिकेटर हीथ स्ट्रीक मैदान पर भारी पड़े, लेकिन कैंसर से हारे
Heath Streak: पूर्व जिम्बाब्वे क्रिकेटर और क्रिकेट कोच हीथ स्ट्रीक का 3 सितंबर, 2023 को यकृत कैंसर से केवल 49 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। स्ट्रीक की पत्नी नादाइन ने सोशल मीडिया पर हीथ की मृत्यु की खबर की पुष्टि की। हीथ स्ट्रीक का जीवन कई उतार-चढ़ाव से भरा था।
कौन थे हीथ स्ट्रीक?
हीथ हिल्टन स्ट्रीक पूरा नाम था उनका। उन्होंने जिम्बाब्वे नेशनल क्रिकेट टीम की कप्तानी भी की और कोच भी रहे । उनका जन्म 16 मार्च, 1974 को बुलवायो, रोड्सिया (अब जिम्बाब्वे) में हुआ था। स्ट्रीक का पूरा परिवार मुख्य रूप से बुलवेयो में खेतीबाड़ी में शामिल था। उन्होंने रोड्स एस्टेट प्रिपरेटरी स्कूल और फाल्कन कॉलेज से अपनी शिक्षा पूरी की। पेशेवर क्रिकेटर बनने से पहले हीथ के पास एक जूनियर हंटर का लाइसेंस भी था।

हीथ स्ट्रीक का क्रिकेट कैरियर
हीथ स्ट्रीक कम उम्र में ही क्रिकेट से जुड़ गए, क्योंकि उनके पिता डेनिस स्ट्रीक भी प्रथम श्रेणी क्रिकेटर थे। स्ट्रीक ने 10 नवंबर, 1993 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया और एक महीने बाद ही एक दिसंबर, 1993 को उन्होंने जिम्बाब्वे के पाकिस्तान दौरे पर अपना टेस्ट डेब्यू भी कर लिया। उन्होंने रावलपिंडी में दूसरे टेस्ट (9-14 दिसंबर 1993) में 8 विकेट लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धमाकेदार एंट्री की। स्ट्रीक ने इस टेस्ट सीरीज़ में 13.54 की औसत से 22 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़ का पुरस्कार जीता।
हीथ ने ज़िम्बाब्वे के लिए 65 टेस्ट और 189 एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय (ओडीआई) मैच खेले। वह टेस्ट क्रिकेट में 216 विकेट और वन डे इंटरनेशनल में 239 विकेट के साथ जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। स्ट्रीक जिम्बाब्वे के एकमात्र क्रिकेट खिलाड़ी थे, जिन्होंने 100 से अधिक टेस्ट विकेट लिए थे। स्ट्रीक ने 21 टेस्ट में जिम्बाब्वे की कप्तानी भी की थी और उनमें से चार में जिम्बाब्वे को जीत दर्ज कराई। गेंदबाज के अलावा, हीथ एक ऑलराउंडर भी थे। उन्होंने हरारे में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला शतक दर्ज कराया, उस मैच में उन्होंने 127 रनों की जबरदस्त पारी खेली।
हीथ स्ट्रीक का भारत के खिलाफ खास प्रदर्शन
1. भारत बनाम जिम्बाब्वे, ओडीआई 1997
इस मैच में, स्ट्रीक ने कैरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट लिए, जिसमें सचिन तेंदुलकर, मोहम्मद अज़हरुद्दीन और सौरव गांगुली के विकेट भी शामिल थे। स्ट्रीक की प्रभावशाली गेंदबाजी से जिम्बाब्वे ने भारत को कुल 205 रनों पर रोक दिया, जिसे जिम्बाब्वे ने 7 विकेट शेष रहते आसानी से हासिल कर लिया। इस प्रदर्शन को स्ट्रीक के करियर के सर्वश्रेष्ठ वनडे गेंदबाजी प्रदर्शनों में से एक माना जाता है। जब यह मैच आयोजित हुआ था तब स्ट्रीक केवल 23 साल के थे।
2. भारत बनाम जिम्बाब्वे, टेस्ट 2001
2001 में एक टेस्ट मैच में हीथ स्ट्रीक ने भारत के खिलाफ उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था। 2001 में भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में, स्ट्रीक ने 3/69 और 4/46 विकेट लिए, जिससे जिम्बाब्वे को एक जबरदस्त टेस्ट मैच जीत मिली। यह स्ट्रीक के करियर में भारत के खिलाफ उनके सबसे अच्छे प्रदर्शनों में से एक था।
3. भारत बनाम जिम्बाब्वे, टेस्ट 2005
2005 में हरारे टेस्ट मैच में भारत के खिलाफ हीथ स्ट्रीक का प्रदर्शन शानदार रहा था। भारत ने कुल 366 रन बनाए, लेकिन स्ट्रीक ने 73 रन देकर छह विकेट लिए, जो उनका सर्वश्रेष्ठ टेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन था। हालाँकि, उनके प्रयासों के बावजूद, जिम्बाब्वे 10 विकेट से मैच हार गया।
हीथ स्ट्रीक का कोचिंग कैरियर
हीथ स्ट्रीक का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में एक सफल कोचिंग कैरियर रहा। 2010 में, हीथ पूर्व अंग्रेजी क्रिकेटर एलन बाउचर के साथ जिम्बाब्वे की क्रिकेट टीम के सहायक कोच बन गए। स्ट्रीक गेंदबाजी कोच बनाए गए, जबकि उनके पूर्व टीममेट ग्रांट फ्लावर बल्लेबाजी कोच बने थे। अक्टूबर 2016 में स्ट्रीक को जिम्बाब्वे के मुख्य कोच के रूप में नामित किया गया था और 2018 की शुरुआत तक वह जिम्बाब्वे की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के कोच रहे। 2018 में आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स ने हीथ को अपना कोच चुना था।
हीथ स्ट्रीक पर आईसीसी ने लगाया था आठ साल का प्रतिबंध!
हीथ स्ट्रीक को आईसीसी की भ्रष्टाचार विरोधी नीतियों का उल्लंघन करने के लिए अप्रैल 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा 8 साल के लिए सभी क्रिकेट गतिविधियों से प्रतिबंधित कर दिया गया था। स्ट्रीक ने आईसीसी के भ्रष्टाचार विरोधी संहिता के उल्लंघन के पांच आरोपों को स्वीकार कर लिया था, जिसमें एक संभावित भ्रष्टाचारी से बिटकॉइन में भुगतान स्वीकार करना और अंतरराष्ट्रीय मैचों से संबंधित अंदरूनी जानकारी का खुलासा करना शामिल था। स्ट्रीक ने चार खिलाड़ियों को उपहारों के बदले एक भ्रष्टाचारी 'मिस्टर X' से मिलवाने की बात स्वीकार की, जिसमें $35,000 मूल्य के बिटकॉइन और एक आईफोन स्वीकारना शामिल था। स्ट्रीक ने माफ़ी मांगी और अपने कार्यों की पूरी ज़िम्मेदारी ली लेकिन कहा कि वह मैच फिक्स करने के किसी भी प्रयास में शामिल नहीं थे। शानदार क्रिकेटर और बेमिसाल व्यक्तित्व के स्वामी हीथ स्ट्रीक को हमेशा याद किया जाता रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications