YouTuber Arrest: एल्विश यादव से पहले भी कई यूट्यूबर खा चुके जेल की हवा
YouTuber Arrest: बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता और यूट्यूबर एल्विश यादव को नोएडा पुलिस ने नोएडा में एक रेव पार्टी में सांप का जहर उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उस पर अपनी पार्टियों में सांप के जहर की व्यवस्था करने और अपने वीडियो शूट में सांपों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है।
वर्तमान में एल्विश यादव को कई विवादों का सामना करना पड़ा है, जिसमें सांप के जहर कांड में शामिल होना, एक अन्य यूट्यूबर से मारपीट के वीडियो आदि शामिल हैं। एल्विश को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम और आपराधिक साजिश के आरोपों के संबंध में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

लेकिन एल्विश पहला ऐसा यूट्यूबर नहीं है, जो किसी न किसी कारण से जेल की हवा खा रहा है। पहले भी ऐसे कई यूट्यूबर रहे हैं, जो भले ही छोटी सजा के लिए लेकिन सलाखों के पीछे समय गुजार चुके हैं।
रचित कौशिक
6 फरवरी 2024 को दिल्ली के यूट्यूबर और पॉलिटिकल सटायरिस्ट रचित कौशिक को पंजाब पुलिस ने मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया था। रचित का यूट्यूब पर 'सब लोकतंत्र' नाम से एक चैनल है। रचित को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और धर्म के आधार पर अलग-अलग समुदायों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने का आरोप लगाकर गिरफ्तार किया गया था। दरअसल रचित ने अपने एक वीडियो में अरविंद केजरीवाल पर कुछ टिप्पणियां कर दी थीं।
पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा रचित पर समुदायों को एक दूसरे के खिलाफ भड़काने वाले वीडियो अपलोड करने और कुछ समूहों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में मामला दर्ज करने के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई थी। कौशिक के खिलाफ आईपीसी की धारा 295ए, 153ए, 153 504 और आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। हालांकि, 10 दिनों बाद कौशिक को जमानत मिल गई।
वैकुंठ वासन
सितंबर 2023 में वैकुंठ वासन, जो एक फेमस यूट्यूबर है, जो अपने मोटरसाइकिल स्टंट और रैश ड्राइविंग के वीडियो लिए जाने जाते हैं, को चेन्नई-बेंगलुरु हाईवे पर एक दुर्घटना के बाद लापरवाही से बाइक चलाने के लिए गिरफ्तार किया गया था। यह घटना तब हुई जब वासन ने व्हीली करने की कोशिश करते समय अपनी मोटरसाइकिल पर कंट्रोल खो दिया, जिसके बाद वो बाइक से गिर गए और घायल हो गए।
वासन पर आईपीसी और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए, जिसमें लापरवाही से गाड़ी चलाना, जान को खतरे में डालना, गैर इरादतन हत्या का प्रयास शामिल था। वासन को इससे पहले भी कोयंबटूर में लापरवाही से बाइक चलाने के लिए गिरफ्तार किया गया था।
शनमुख जसवंत
शनमुख जसवंत, जो यूट्यूब और बिग बॉस तेलुगू में अपने काम के लिए जाने जाते हैं, को 22 फरवरी, 2024 को उनके भाई विनय संपत के साथ ड्रग्स मामले में तेलंगाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी तब हुई जब एक महिला ने विनय संपत के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने आरोप लगाया गया कि संपत ने उससे सगाई करके उसे धोखा दिया और बाद में दूसरी महिला से शादी कर ली। पुलिस को जांच के दौरान शनमुख के अपार्टमेंट में गांजा मिला, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। शनमुख को इससे पहले भी 2021 में शराब के नशे में गाड़ी चलाने के लिए कानूनी कार्यवाही का सामना करना पड़ा था।
मनीष कश्यप
मार्च 2023 में यूट्यूब पत्रकार मनीष कश्यप को तमिलनाडु में प्रवासी मजदूरों पर हमले के फर्जी वीडियो शेयर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। मनीष कश्यप यूट्यूब पर बहुत फेमस है, लेकिन तमिलनाडु में बिहार के मजदूरों के साथ दुर्व्यवहार के बारे में गलत जानकारी फैलाने के आरोप के बाद उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
कश्यप ने तमिलनाडु में प्रवासी मजदूरों पर हमला दिखाते हुए एक वीडियो ट्वीट किया, जिसके कारण बिहार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बिहार पुलिस ने उनके बैंक खातों को फ्रीज कर दिया, जिसमें काफी जमा राशि थी। इसी के साथ, उन्हें बिहारी प्रवासी मजदूरों पर हमले के बारे में अफवाह फैलाने के लिए नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (एनएसए) के तहत भी हिरासत में लिया गया था।
मुनव्वर फारूकी
रियलिटी शो बिग बॉस 17 और लॉकअप के विजेता, स्टैंड अप कॉमेडियन और यूट्यूबर मुनव्वर फारुकी को एकलव्य सिंह गौर द्वारा दर्ज की गई एक शिकायत के आधार पर चार अन्य लोगों के साथ 1 जनवरी, 2021 को गिरफ्तार किया गया था। मुनव्वर पर मध्य प्रदेश के इंदौर में एक कॉमेडी शो के दौरान हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करके धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप था।
मुनव्वर के खिलाफ आईपीसी की धारा 181, 268, 34, और 295ए के तहत मामला दर्ज किया गया था। शो के दौरान, हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने के सबूत की कमी होने के कारण 5 फरवरी, 2023 को सुप्रीम कोर्ट द्वारा उन्हें जमानत दे दी गई, लेकिन इससे पहले उन्होंने जेल में 35 दिन बिताए।
गौरव तनेजा
9 जुलाई, 2021 को 'फ्लाइंग बीस्ट' के नाम से मशहूर यूट्यूबर गौरव तनेजा को उनके जन्मदिन के जश्न के दौरान नोएडा सेक्टर 51 मेट्रो स्टेशन पर अराजकता फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने इस कार्यक्रम के लिए एक मेट्रो कोच बुक किया था, जिसमें 200 मेहमानों के आने की उम्मीद थी, लेकिन बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई और ट्रैफिक अस्त-व्यस्त हो गया।
स्थिति बिगड़ने के बाद नोएडा पुलिस द्वारा गौरव को हिरासत में ले लिया गया और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया, उन पर सीआरपीसी की धारा 144 और आईपीसी की धारा 188 और 341 के तहत आरोप लगाए गए थे। बता दें कि उस समय देश कोरोना वायरस की दूसरी लहर का सामना कर रहा था।
पारस सिंह
'पारस ऑफिशियल' नाम से मशहूर यूट्यूबर पारस सिंह को मई 2021 में नस्लवादी टिप्पणी करने के लिए गिरफ्तार किया गया था, जिसमें उन्होंने अरुणाचल प्रदेश को चीन का हिस्सा बताया था और कांग्रेस के एक विधायक को गैर-भारतीय बताया था। पारस की इस टिप्पणी पर काफी विरोध हुआ, जिसके बाद पंजाब पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पारस को अरुणाचल प्रदेश की एक अदालत में 6 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। पारस पर अरुणाचल प्रदेश के लोगों के प्रति दुर्भावना और नफरत फैलाने का आरोप लगाया गया था। बाद में उन्होंने यूट्यूब चैनल पर अपने किए पर माफी मांगते हुए एक वीडियो पोस्ट किया।
प्रिंस दीक्षित
मार्च 2023 में यूट्यूबर प्रिंस दीक्षित (उर्फ प्रिंस पंडत) को दिल्ली पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने और खुले में उपद्रव करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उन्हें एक वीडियो वायरल होने के बाद गिरफ्तार किया गया था, जिसमें बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान एनएच-24 पर पांडव नगर के पास कुछ लोग कारों की छत पर खड़े होकर यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए दिखाई दे रहे थे। प्रिंस ने नवंबर 2022 में अपने जन्मदिन पर वीडियो शूट करने की बात स्वीकार की और अपने फॉलोवर्स से इस तरह के कामों में शामिल न होने का आग्रह किया।
जोरावर सिंह कलसी
मार्च 2023 में गुरुग्राम पुलिस ने यूट्यूबर जोरावर सिंह कलसी और उनके साथी गुरप्रीत सिंह को एक वायरल वीडियो बनाने के बाद गिरफ्तार किया, जिसमें उन्हें गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर चलती कार से फर्जी भारतीय रुपए फेंकते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो शाहिद कपूर की वेब सीरीज 'फर्जी' के एक सीन का रीक्रिएशन सीन था।
वीडियो में देखा जा सकता है कि गाड़ी की डिक्की से फर्जी भारतीय रुपए फेंके जा रहे हैं, जबकि कार स्पीड में भाग रही है। जोरावर द्वारा यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाले जाने के बाद यह इतनी तेजी से वायरल हुआ कि पुलिस को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करनी पड़ी। दोनों लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 283, 336 और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मोहम्मद निहाद
जून 2023 में केरल के यूट्यूबर 'थोप्पी' को आपत्तिजनक टिप्पणी करने और मल्लपुरम के वलनचेरी में एक दुकान के उद्घाटन के दौरान व्यस्त सड़क पर ट्रैफिक को ब्लॉक करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। 'थोप्पी', जिसका असली नाम मोहम्मद निहाद है, को स्थानीय लोगों द्वारा शिकायत दर्ज किए जाने के बाद हिरासत में लिया गया था।
पुलिस को उसके कमरे का दरवाजा तोड़ना पड़ा क्योंकि वह इसे खोल ही नहीं रहा था। उसे लगा कि वो अपने फोन और लैपटॉप पर मौजूद सबूत मिटा सकता है। यूट्यूब पर अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करने और ट्रैफिक जाम करने का उसपर आरोप लगाया गया था, जिसके कारण उसे आईपीसी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications