ICC Test Championship: जानें क्या है वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप, कब हुई थी शुरुआत और भारत का प्रदर्शन?
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल का आगाज हो चुका है। इसबार इसका दूसरा सीजन इंग्लैंड में खेला जा रहा है। भारत दोनों बार फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रहा है।

ICC Test Championship: आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 2023 भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंदन के ओवल मैदान में खेला जा रहा है। यह दूसरा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल है। इसमें दुनिया में दो टॉप रैंक वाली टेस्ट टीमें आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन बनने के लिए मुकाबला कर रही हैं।
वैसे भी भारत और ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीमों के बीच हमेशा टक्कर का मुकाबला होता है। और आज जो मुकाबला आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच में हो रहा है, इसके भी जबरदस्त होने की उम्मीद है। लेकिन क्या आप जानते हैं, आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप कब शुरू हुई थी? और इसके कुछ प्रमुख रिकॉर्ड के बारे में?
क्या है वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप?
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डबल्यूटीसी) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा आयोजित एक टेस्ट क्रिकेट लीग है। डबल्यूटीसी को टेस्ट क्रिकेट में सबसे प्रमुख चैंपियनशिप माना जाता है। यह टूर्नामेंट हर दो वर्षों के लिए खेला जाता है। डब्ल्यूटीसी फाइनल के विजेता को विश्व टेस्ट चैंपियन का ताज मिलता है। डबल्यूटीसी में हर मैच की जीत, हार अथवा ड्रॉ के आधार पर अलग-अलग अंक होते हैं। जिन दो टीमों के सबसे ज्यादा अंक होते हैं, वे फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लेती हैं।
कौन-कौन सी टीमें खेलती हैं आईसीसी डबल्यूटीसी?
फिलहाल आईसीसी डबल्यूटीसी में नौ टीमें खेलती हैं। इन टीमों में उनकी ताजा आईसीसी डब्ल्यूटीसी रैंकिंग के आधार पर (1) ऑस्ट्रेलिया, (2) भारत, (3) दक्षिण अफ्रीका, (4) इंग्लैंड, (5) श्रीलंका, (6) न्यूजीलैंड, (7) पाकिस्तान, (8) वेस्ट इंडीज, (9) बांग्लादेश हैं।
ये सभी टीमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की सदस्य हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टेस्ट क्रिकेट खेलती हैं।
कब हुई थी डबल्यूटीसी की शुरुआत?
आईसीसी डबल्यूटीसी पहली बार 1 अगस्त 2019 को खेला गया था और इसके पहले सीजन में 61 टेस्ट मैच खेले गए थे। उस साल पहले सीजन में न्यूजीलैंड ने फाइनल में भारत को हराकर जीत हासिल की थी। पहला आईसीसी डबल्यूटीसी फाइनल 18 से 23 जून 2021 तक साउथेम्प्टन, इंग्लैंड में खेला गया था।
दूसरी आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 4 अगस्त 2021 को शुरू हुई थी और यह 7 से 11 जून 2023 को द ओवल, लंदन में ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच खेले जाने वाले फाइनल के साथ समाप्त होने वाली है। गौर करने वाली बात यह है कि भारत आईसीसी डबल्यूटीसी के पहले और दूसरे दोनों सीजन में फाइनल में पहुंचा है।
जीत पर क्या है इनाम राशि?
अगर डबल्यूटीसी के इस सीजन की बात की जाए तो 2023 में आईसीसी डब्ल्यूटीसी का कुल इनाम ₹31.3 करोड़ का है। यह रकम टूर्नामेंट खेलने वाली सभी नौ टीमों के बीच वितरित की जायेगी। आईसीसी डबल्यूटीसी फाइनल 2023 के विजेता को पुरस्कार राशि के रूप में ₹13.2 करोड़ मिलेंगे। आईसीसी की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक जो टीम रनरअप यानी कि दूसरे स्थान पर रहेगी उसे ₹6.6 करोड़ से पुरस्कृत किया जाएगा।
पुरस्कार राशि के अलावा, विजेता को आईसीसी डबल्यूटीसी ट्रॉफी से सम्मानित भी किया जाएगा। यदि डबल्यूटीसी फाइनल ड्रॉ, टाई या रद्द हो जाता है तो ऑस्ट्रेलिया और भारत को संयुक्त डबल्यूटीसी विजेता घोषित किया जाएगा और इनाम दोनों के बीच बांटा जाएगा।
आईसीसी डबल्यूटीसी के कुछ प्रमुख रिकॉर्ड?
आईसीसी डबल्यूटीसी में सबसे बड़े रिकॉर्ड होल्डर इंग्लैंड के जो रूट है। जो रूट के पास आईसीसी डबल्यूटीसी में सबसे ज्यादा रन (4,050 रन), सबसे ज्यादा शतक बनाने के (11 शतक का) रिकार्ड्स हैं। आईसीसी डबल्यूटीसी में बल्लेबाजी में सबसे उच्चतम औसत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के सऊद शकील के पास है, उनका औसत 72.5 का है।
आईसीसी डबल्यूटीसी में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाथन लायन के पास है, उन्होंने आईसीसी डबल्यूटीसी के शुरू होने से लेकर अब तक 139 विकेट झटके हैं। गेंदबाजी में सबसे अच्छे औसत का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के सीएम बोलैंड के पास है, उनका औसत 13.42 का है।
इंग्लैंड में ही क्यों खेला जाता है?
आईसीसी ने इस बात का खुलासा नहीं किया है कि वर्ल्ड चैंपियनशिप फाइनल सिर्फ इंग्लैंड में ही क्यों आयोजित किया जाता है? हालांकि कुछ कारण हैं जिन्हें वजह माना जा सकता है कि इसके दोनों फाइनल वहीं क्यों आयोजित किये गये हैं।
व्यूअरशिप - इंग्लैंड को इसलिए चुना जाता है क्योंकि फाइनल मैच का समय भारत और कई क्रिकेट-प्रेमी देशों में प्राइम टाइम देखने के घंटे के साथ अनुकूल रूप से मेल खाता है, जिसकी वजह से डबल्यूटीसी अधिकतम वैश्विक दर्शकों तक पहुंच पाता है।
मौसम - यह टूर्नामेंट अधिकतर जून में होता है और तब ही इंगलैंड में गर्मियों की शुरुआत होती है, दिन लंबे होते हैं और मौसम सुहाना होता है।
*परिस्थितियाँ*: इंग्लैंड को क्रिकेट खेलने के लिए सबसे अनुकूल माना जाता हैं और वैसे भी इंग्लैंड का राष्ट्रीय स्पोर्ट क्रिकेट ही है।
*ऐतिहासिक महत्व*: इंग्लैंड को व्यापक रूप से क्रिकेट का जन्मस्थान माना जाता है, और इंग्लैंड का क्रिकेट में समृद्ध इतिहास है।
भारत का डबल्यूटीसी में प्रदर्शन
आईसीसी डबल्यूटीसी में भारत का प्रदर्शन इस प्रकार रहा है -
Recommended Video

● आईसीसी डबल्यूटीसी (2019-2021) के पहले सीजन में, भारत 520 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर था। भारत ने कुल 17 टेस्ट मैचों में 12 टेस्ट जीते, 4 हारे और 1 मैच ड्रॉ रहा।
● आईसीसी डबल्यूटीसी (2021-2023) के दूसरे सीजन में, भारत 127 अंकों के साथ आईसीसी डबल्यूटीसी पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर रहा। भारत कुल 18 टेस्ट खेला जिसमें से 10 टेस्ट जीता, 5 हारा और 3 ड्रॉ हो गए।
● भारत ने आईसीसी डब्ल्यूटीसी के दोनों सीजनों में बहुत जबरदस्त प्रदर्शन किया जिसकी वजह से भारत टूर्नामेंट के दोनों सीजनों के फाइनल तक पहुंचा है।
● 21 मई 2023 के सबसे ताजा आंकड़ों के अनुसार, आईसीसी डबल्यूटीसी में भारत की वर्तमान रैंकिंग दूसरी है, भारत से ऊपर ऑस्ट्रेलिया और भारत से नीचे दक्षिण अफ्रीका है।












Click it and Unblock the Notifications