Suicides in Film Industry: तीन सालों में दर्जनों एक्टर्स ने की आत्महत्या, अधिकतर मामले डिप्रेशन से जुड़े
भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे ने 26 मार्च को आत्महत्या कर ली। सामने आ रही रिपोर्ट के मुताबिक आकांक्षा दुबे किसी वजह से काफी डरी हुई थी।

Suicides in Film Industry: भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से 'आत्महत्या' के कई मामले सामने आ चुके हैं। दरअसल, पिछले तीन सालों में दर्जनभर से ज्यादा अभिनेत्रियों और अभिनेताओं ने आत्महत्या की है। ताजा मामला भोजपुरी फिल्म जगत की अदाकरा आकांक्षा दुबे का है, जिसने रविवार 26 मार्च, 2023 को आत्महत्या कर ली। आकांक्षा दुबे ने कई भोजपुरी गायकों और एक्टर्स के साथ काम किया है। 26 मार्च को उनका एक गाना भी रिलीज होने वाला था।
सुशांत सिंह राजपूत
बॉलीवुड के मशहूर एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या जांच एजेंसियों के लिए अभी तक रहस्य बनी हुई है। 14 जून 2020 को मुंबई के बांद्रा स्थित फ्लैट से सुशांत का शव पंखे से लटका हुआ मिला था। सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, काई-पो-छे, छिछोरे और धोनी जैसे सुपरहिट फिल्मों में काम करने वाले सुशांत सिंह राजपूत मानसिक तनाव से गुजर रहे थे।
संदीप नाहर
टीवी और फिल्म एक्टर संदीप नाहर ने 15 फरवरी 2021 में आत्महत्या कर ली। संदीप नाहर ने भी सुशांत सिंह राजपूत के साथ एमएस धोनी फिल्म में काम किया था। इसके अलावा वह अक्षय कुमार की फिल्म केसरी में भी नजर आ चुके थे। संदीप नाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह अपनी निजी और प्रोफेशनल लाइफ से परेशान थे।
आसिफ बसरा
भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ विदेशों में अपनी पहचान बना चुके एक्टर आसिफ बसरा ने 12 नवंबर 2020 को आत्महत्या कर ली थी। 53 वर्षीय एक्टर ने धर्मशाला में आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने ब्लैक फ्राइडे, जब वी मेट, परजानियां और आउटसोर्स्ड जैसे फिल्मों में काम किया था। पुलिस उनकी मौत की जांच कर रही है। ऐसा कहा जा रहा है कि एक्टर किसी मानसिक पीड़ा से गुजर रहे थे।
समीर शर्मा
टीवी एक्टर समीर शर्मा ने 5 अगस्त 2020 को 44 वर्ष की उम्र में अपने मुंबई स्थित घर पर मृत पाए गये। उन्होंने "क्योंकि सास भी कभी बहू थी" समेत कई चर्चित सीरीयल में काम किया था। आत्महत्या करने से पहले एक्टर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस बात का हिंट दिया था कि वह अवसाद से गुजर रहे हैं। उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु के बाद 20 जुलाई 2020 को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से 'द कट' नाम का एक शॉर्ट फिल्म शेयर किया था, जिसमें लॉकडाउन की वजह से होने वाले मानसिक प्रभावों के बारे में दिखाया गया था।
सुशील गौड़ा
2020 में सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के बाद एक और बॉलीवुड एक्टर सुशील गौड़ा की सुसाइड की खबर सामने आई थी। 32 वर्षीय एक्टर ने अपने मध्य प्रदेश स्थित होम टाउन मंड्या में आत्महत्या कर ली। गौड़ा कई कन्नड़ टेलीविजन सीरियल और फिल्मों में काम कर चुके थे। सुशील गौड़ा की आत्महत्या की वजह भी मानसिक अवसाद को बताया जा रहा है।
मनमीत ग्रेवाल
टीवी एक्टर मनमीत ग्रेवाल ने 17 मई 2020 को आत्महत्या कर ली थी। 32 वर्षीय एक्टर का शव नवी मुंबई स्थित अपने घर पर मिला। उन्होंने आदत से मजबूर और कुलदीपक जैसे टेलीविजन शोज में काम किया था। ऐसी खबरें आ रही थी कि कोरोना महामारी की वजह से हुए लॉकडाउन के बाद वह फाइनेंशियली कमजोर हो गए थे और उन्हें काम भी नहीं मिल पा रहा था, जिसकी वजह से उन्होंने परेशान होकर आत्महत्या ली।
कुशल पंजाबी
लोकप्रिय फिल्म और टेलीविजन एक्टर कुशल पंजाबी ने 26 दिसंबर 2020 को आत्महत्या कर ली थी। कुशल पंजाबी ने करण जौहर की फिल्म काल, धन-धना-धन गोल जैसी फिल्मों में काम किया था। ऐसी खबरें आ रहीं थी 42 वर्षीय एक्टर लंबे समय से डिप्रेशन में थे, जिसकी वजह से उन्होंने खुदकुशी कर ली।
तुनीषा शर्मा
21 वर्षीय टीवी एक्ट्रेस तुनीषा शर्मा ने 24 दिसंबर 2022 को आत्महत्या की थी। टीवी एक्ट्रेस की आत्महत्या में उनके कथित बॉयफ्रेंड और को-एक्टर शीजान खान का नाम आ रहा है। टीवी एक्ट्रेस तुनीषा शर्मा की मौत से दो सप्ताह पहले ही शीजान खान से ब्रेक-अप हुआ था। तुनीषा शर्मा का शव टीवी सीरीयल के सेट पर मौजूद वेनिटी वैन में मिला। तुनीषा शर्मा की मां ने उनकी मौत का आरोप शीजान खान पर लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने एक्टर को गिरफ्तार कर लिया, फिलहाल यह मामला अभी कोर्ट में है।
सेजल शर्मा
टीवी एक्ट्रेस सेजल शर्मा ने 24 जनवरी 2020 को अपने मीरा रोड स्थित फ्लैट पर आत्महत्या कर ली। उनका शव पंखे से लटका हुआ मिला। दिल तो हैप्पी है की एक्ट्रेस ने कई टीवी सीरीयल में काम किया था। सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्ट्रेस अपने माता-पिता की बीमारी की वजह से काफी लंबे समय से डिप्रेशन में थी।
प्रेक्षा मेहता
टीवी एक्ट्रेस प्रेक्षा मेहता ने 26 मई 2020 को आत्महत्या कर ली थी। प्रेक्षा ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी। सोनी टीवी के सीरियल क्राइम पेट्रोल में काम करने वाली अदाकारा ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि लॉकडाउन की वजह से काम नहीं मिलने से वह डिप्रेशन में थी।
दिशा सालियान
सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या से महज एक सप्ताह पहले उनकी पूर्व मैनेजर दिशा सालियान ने छत से कूदकर जान दे दी। हालांकि, यह अभी तक साफ नहीं हुआ है कि दिशा सालियान ने 14वें फ्लोर से छलांग लगाई थी या फिसलकर गिर गई थी। दिशा सालियान की मौत में बॉलीवुड एक्टर आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली का नाम आ रहा था। दिशा सालियान की मौत भी सुशांत सिंह राजपूत की मौत की तरह अब तक रहस्यमयी बनी हुई है।
वीजे चित्रा
तमिल अदाकारा वीजे चित्रा ने 9 दिसंबर 2020 को चेन्नई के एक होटल रूम में आत्महत्या कर ली। पांडियन स्टोरी समेत कई दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम करने वाली 29 वर्षीय अदाकारा ने अपनी मौत से कुछ घंटे पहले सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट की थी। उस होटल में उन्होंने देर रात एक बजे चेक-इन किया था। वीजे चित्रा की मौत भी अभी रहस्य बनी हुई है। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है।
यह भी पढ़ेंः फिल्म और टीवी की इन एक्ट्रेसेस ने कम उम्र में कर लिया सुसाइड, क्या 'प्यार' बना इनके मरने की वजह?
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications