SAFF Championship: आठ बार का चैम्पियन है भारत, जानें दक्षिण एशिया के फुटबॉल टूर्नामेंट के बारे में
SAFF Championship: दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ (सैफ - एसएएफएफ) चैंपियनशिप का 14वां सीजन 21 जून से 4 जुलाई तक श्री कांतीरावा स्टेडियम, बेंगलुरु में खेला जा रहा है। भारत ने 21 जून को अपना पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेला था। भारत ने यह मैच 4-0 से जीता और इसमें भारत के कप्तान और नामी फुटबाल खिलाड़ी सुनील छेत्री ने हैट्रिक जमाई।
एसएएफएफ यानी सैफ क्या है?
दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ, दक्षिणी एशिया में फुटबॉल खेलने वाले देशों का एक संगठन है। सैफ एशियन फुटबॉल कंफेडरेशन का हिस्सा है। जबकि एशियन फुटबॉल कंफेडरेशन, फीफा से जुड़ा हुआ है। सैफ चैंपियनशिप को पहले सार्क गोल्डकप और दक्षिण एशियाई फुटबॉल फेडरेशन गोल्डकप के नाम से भी जाना जाता था। फिलहाल इस चैंपियनशिप में सात टीमें हिस्सा लेती हैं। वहीं इस चैंपियनशिप का आयोजन दो सालों में एक बार होता है। इस साल सैफ चैंपियनशिप का 14वां सीजन खेला जा रहा है।

सैफ चैंपियनशिप की शुरुआत
सैफ चैंपियनशिप की शुरुआत 1993 में हुई थी। तब टूर्नामेंट का नाम दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संघ (एसएएआरसी) गोल्डकप था। जबकि पहला मैच पाकिस्तान के लाहौर में खेला गया। फिर सैफ का गठन 1997 में बांग्लादेश, भारत, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका ने मिलकर किया। इसके बाद 2001 में सैफ टूर्नामेंट स्थगित कर दिया गया क्योंकि उस साल फीफा ने बांग्लादेश फुटबॉल फेडरेशन को सस्पेंड कर दिया था। अगले ही साल यह सस्पेंशन वापस ले लिया गया और 2003 में फिर से सैफ की शुरुआत हुई।
इस साल की सैफ चैंपियनशिप की पुरस्कार राशि के बारे में कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। साल 2021 में जीतने वाली टीम को $50,000 (₹4,102,850) डॉलर मिले थे। वैसे बीते आठ सालों में सैफ चैंपियनशिप जीतने वाली टीम की इनाम राशि में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सैफ के सदस्य
सैफ की स्थापना 4 देशों भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और नेपाल ने की थी। फिर 1995 की चैंपियनशिप में बांग्लादेश इसका हिस्सा बना। साल 1997 में मालदीव जुड़ गया। साल 2003 में अफगानिस्तान और भूटान शामिल हो गये। हालांकि, 2015 में जब अफगानिस्तान मध्य एशियाई फुटबॉल संघ (सीएएफए) का संस्थापक सदस्य बना तब उसने सैफ छोड़ दिया। सीएएफए भी सैफ की तरह मध्य एशियाई देशों के लिए एक फुटबॉल महासंघ है।
सैफ चैंपियनशिप में भारत का प्रदर्शन
सैफ चैंपियनशिप में जिस टीम का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा है वह भारत ही है। 1993 से लेकर 2021 तक इस टूर्नामेंट का आयोजन 13 बार हुआ हैं। इसमें से भारत ने 8 बार चैंपियनशिप को जीता है। इसमें साल 2021 की सैफ चैंपियनशिप सहित 2015, 2011, 2009, 2005, 1999, 1997 और 1993 के खिताब शामिल है। जबकि भारत चार बार यानी 1995, 2008, 2013, 2018 में चैंपियनशिप के फाइनल तक पहुंचा है। वहीं साल 2003 की सैफ चैंपियनशिप में भारत तीसरे स्थान पर आया था।
सैफ चैंपियनशिप में दूसरी टीमों का प्रदर्शन
भारत के बाद मालदीव का सबसे बढ़िया प्रदर्शन रहा है। मालदीव ने दो बार 2008 और 2018 में सैफ चैंपियनशिप अपने नाम की है। जबकि तीन बार 1997, 2003 और 2009 इसके फाइनल तक पहुंचा है। सैफ चैंपियनशिप में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली टॉप-3 टीमों में भारत, मालदीव और बांग्लादेश शामिल है। बांग्लादेश, श्रीलंका और अफगानिस्तान ने भी एक-एक बार सैफ चैंपियनशिप जीती है। चैंपियनशिप में जिस टीम का प्रदर्शन सबसे बुरा रहा वह भूटान की टीम है। भूटान टूर्नामेंट में शामिल होने के बाद से न तो पहले, न दूसरे और न ही तीसरे स्थान पर रहा है। भूटान केवल एक बार सेमीफाइनल तक पहुंचा था, वह भी 2008 में।












Click it and Unblock the Notifications