PM Security Lapse: प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में चूक, क्या अन्य देशों में भी हुई ऐसी घटनाएं?

किसी भी देश के प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति की सुरक्षा में चूक के मामले सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के देशों में होते रहे हैं।

PM Security Lapse

कर्नाटक में रोड शो करते समय कुछ दिनों पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को माला पहनाने के लिए एक व्यक्ति अचानक दौड़कर प्रधानमंत्री मोदी के काफिले के बिल्‍कुल करीब पहुंच गया। वहां तैनात सिक्योरिटी टीम ने उसे तत्काल हटाया। इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में पंजाब में भारी चूक हो चुकी है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी एकबार ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ा था। हालांकि, इन सभी मामलों में कोई अनहोनी नहीं हुई। इससे पहले सुरक्षा में गड़बड़ी के चलते भारत ने 1984 में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और 1991 में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को खोया है। इसी प्रकार विश्व के अन्य देशों में भी सुरक्षा में चूक के चलते कई प्रधानमंत्रियों और राष्ट्रपतियों की हत्या के मामले सामने आ चुके हैं। आइए जानते हैं पिछले कुछ सालों में ऐसे बड़े मामले, जहां किसी भी देश के राष्ट्राध्यक्ष की सुरक्षा में भारी चूक का मामला सामने आया हो।

इजिप्ट के राष्ट्रपति अनवर सादात

राष्ट्रपति अनवर सादात 6 अक्टूबर 1981 को सैनिकों की परेड की समीक्षा कर रहे थे। तब 'इजिप्शियन इस्लामिक जिहाद' नामक एक आतंकी संगठन ने परेड में घुसपैठ कर शूटिंग शुरू कर दी। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बावजूद आतंकवादी सादात को गोली मारने के लिए उनके काफी करीब पहुंच गए थे। इस हमले में अनवर सादात की हत्या हो गयी।

इजरायल के प्रधानमंत्री यित्झाक राबिन

इजरायल के प्रधानमंत्री यित्झाक राबिन की 4 नवंबर 1995 को सुरक्षा चूक के कारण हत्या कर दी गई। प्रधानमंत्री राबिन को जान से मारने की कई धमकियां मिल चुकी थी जिसके बावजूद उनकी सुरक्षा टीम यिगाल आमिर नाम के व्यक्ति को रोकने में विफल रही। एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आमिर, राबिन के करीब जाकर निशाना लगाने में सफल रहा क्योंकि कार्यक्रम में सुरक्षाकर्मियों द्वारा ठीक से तलाशी नहीं ली गई थी।

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे

जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे शिंजो आबे को पद से हटने के दो वर्ष बाद 2022 में एक चुनावी प्रचार सभा में भाषण देते समय एक पूर्व सैनिक ने गोली मार दी। वे 67 वर्ष के थे। उनके हत्यारे ने घर में बनाई बंदूक से उनकी सुरक्षा में ढिलाई देखकर उन पर गोली चला दी। हालांकि उसका पहला निशाना चूक गया और गोली की आवाज सुन कर जब आबे ने पीछे मुड़ कर देखा तो हत्यारे ने फिर से गोली चला दी जो आबे की गर्दन और छाती के पास लगी। उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन बचाया नहीं जा सका। 41 वर्षीय हत्यारे तेतसुया यामागामी को वहां उपस्थित लोगों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।

PM Security Lapse

पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो

दिसंबर 2007 में पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की सुरक्षा में चूक में उनकी जान चली गई। भुट्टो ने रावलपिंडी में एक चुनावी रैली को संबोधित किया था कि एक बंदूकधारी ने उन्हें गोली मार दी। इसके बाद एक आत्मघाती बम विस्फोट भी घटनास्थल पर हुआ। इस हमले में बेनजीर भुट्टो की मृत्यु हो गई। हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तानी तालिबान ने ली थी। उस दिन पूर्व प्रधानमंत्री भुट्टो की सुरक्षा में काफिला पर्याप्त रूप से सुरक्षित नहीं था और वह अपने वाहन के सनरूफ में खड़ी थी, जिससे वह हमलावर के लिए आसान निशाना बन गयी।

जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल

2015 में जर्मन चांसलर मर्केल की सुरक्षा में बहुत भारी चूक हुई थी। दरअसल, एक व्यक्ति उनकी सुरक्षा को भेद कर बर्लिन में चांसलर के कार्यालय भवन में प्रवेश कर गया। गौरतलब है कि वह व्यक्ति मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से ग्रस्त था और पकड़े जाने से पहले बहुत देर तक तक इमारत में भटकता रहा। हालांकि उसे कोई नुकसान पहुंचाने से पहले ही पकड़ लिया गया।

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो

2018 में वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने लाइव टेलीविज़न पर भाषण देते समय लगभग मौत का सामना किया। यह घटना 4 अगस्त 2018 को हुई थी। राष्ट्रपति तब काराकास में भाषण दे रहे थे, तभी विस्फोटकों से लैस दो ड्रोन उनकी ओर उड़े और उनके पास विस्फोट हो गया। जिससे उपस्थित लोगों और सुरक्षा बलों में दहशत फैल गई। राष्ट्रपति मादुरो को कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कई लोग घायल हो गये।

ब्राजीलियन राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो

2019 में, ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को मिनस गेरैस राज्य के जुइज डे फोरा शहर में एक अभियान के दौरान एक व्यक्ति द्वारा थप्पड़ मारा गया था। ब्राजीलियन राष्ट्रपति को थप्पड़ मारने वाले व्यक्ति को तुरंत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और बाद में उसने कहा कि इस हमले को अंजाम देने के लिए उसे "ईश्वर द्वारा निर्देश" दिया गया था।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों

जून 2021 में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सुरक्षा में तब चूक हुई जब उन्हें उनके देश, फ्रांस में एक यात्रा के दौरान चेहरे पर थप्पड़ मारा गया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ जिसमें जब मैक्रों एक गांव में जनता से बात कर रहे थे तब एक आदमी ने उनके विरोध में नारे लगाए और उन्हें थप्पड़ मार दिया।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

5 जनवरी 2021 को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में सेंध लगी जब प्रधानमंत्री मोदी का काफिला पंजाब के फिरोजपुर में एक फ्लाईओवर पर 25-30 मिनट तक खड़ा रहा। दरअसल, फ्लाईओवर के अंत में आंदोलनकारियों का एक समूह किसान बिल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहा था। लगभग आधे घंटे तक इंतजार के बाद प्रधानमंत्री मोदी फिर से भटिंडा एयरपोर्ट लौट गए। प्रधानमंत्री मोदी पंजाब के हुसैनीवाला में एक चुनावी रैली को संबोधित करने जा रहे थे। यह पहली बार नहीं है जब प्रधानमंत्री मोदी के सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। वर्ष 2017, 2019 आदि में भी ऐसे कुछ हादसें हो चुके हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन

जून 2022 में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की सुरक्षा में चूक हुई थी। दरअसल अमेरिकी राष्ट्रपति के डेलेवेयर स्थित घर के ऊपर से एक छोटा प्राइवेट विमान गुजर गया जबकि वह नो फ्लाई जोन घोषित था। इस घटना के बाद जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन को घर से निकाल सुरक्षित जगह ले जाया गया। हालांकि, विमान के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से कनेक्शन टूटने की वजह से वह नो फ्लाई जोन में घुस आया था।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+