नेता हैं तो क्या हुआ, स्टाइल में रहने का
लोकसभा चुनावों का मौसम, धुआंधार कैंपेंनिंग का समय और पूरा दिन बस रैलियां और जनसभाएं, आजकल हर भारतीय राजनेता का दिन कुछ इसी तरह से शुरू होता है। उनकी रैलियों और जनसभाओं के बारे में तो दिन भर आप सुनते ही रहते हैं लेकिन क्या कभी आपने यह जानने की कोशिश की कि रैलियों और जनसभाओं में व्यस्त रहने वाले आपके इन राजनेताओं का स्टाइल स्टेटमेंट क्या है। कैसे आपके नेता उन आउअफिट्स को सेलेक्ट करते हैं जो गर्मी और उमस से तो उन्हें निजात दिलाएं लेकिन उनके स्टाइल को भी कम न करें।
आज हम आपको कुछ ऐसे ही राजनेताओं के बारे में बताएंगे और बताएंगे कि आखिर कौन-कौन से नेताओं ने न सिर्फ फैशन एक्सपर्ट्स पर अपनी छाप छोड़ी बल्कि अपने फैशन और स्टाइल स्टेटमेंट की वजह से लोगों के बीच अपनी एक अलग पहचान भी बनाई है।
नेता की ब्रांडिंग करते कपड़े
एक साल पहले तक आप सभी ने नरेंद्र मोदी को सादे या फिर हल्के रंग के कुर्ते और चूड़ीदार में देखते थे लेकिन जैसे ही बीजेपी ने उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया, उनका स्टाइल भी बदल गया। आज मोदी सादे और हल्के रंगों की जगह डॉर्क और पेस्टल शेड्स के कपड़ों में नजर आते हैं। बिजनेस स्ट्रैटेजीक के हरीश बिजूर की मानें तो क्लोदिंग यानी कपड़े पहनने का ढ़ग किसी भी नेता की ब्रांडिंग के लिए काफी जरूरी होता है।
आज अगर मोदी ने अपना स्टाइल बदला है तो कहीं न कहीं उनका मकसद अपने युवा वोटरों के बीच यह संदेश देने का है कि वह भी युवा हैं और उनकी तरह ही सोच सकते हैं। हरीश की मानें तो दूसरी तरफ राहुल गांधी अक्सर ही सफेद कुर्ते पैजामे या फिर जींस में नजर आते हैं। राहुल अपने कपड़े पहनने के ढंग से यह संदेश देने की कोशिश करना चाहते हैं कि भले ही उनकी उम्र 43 वर्ष हो लेकिन वह प्रधानमंत्री पद के लिए पूरी तरह तैयार और गंभीर हैं।
आज हम आपको भारतीय राजनीति के कुछ ऐसे ही लोकप्रिय नेताओं के बारे में बताएंगे जिनकी स्टाइल से कहीं न कहीं उनके भविष्य का अंदाजा लगाया जा सकता है।

स्टाइल में नंबर वन बने मोदी
वह दिन गए जब आप नरेंद्र मोदी को सिर्फ सूती और हल्के रंग के कुर्तो में देखते थे। आज नरेंद्र मोदी डार्क और पेस्टल शेड्स के लिनेन कुर्तो को तरजीह देने लगे हैं। इसके अलावा नेहरु जैकेट के बिना अब उनकी किसी भी रैली की कल्पना करना बेमानी है।

इटली की ट्रेडीशनल भारतीय राजनेता
सोनिया गांधी को ज्यादातर साड़ियों और सूट में देखा जाता है। आपको बता दें कि सोनिया के पास हैंडलूम, बंगाल तांत, मध्य प्रदेश की चंदेरी और माहेश्वरी और ओड़िशा की संबलपुरी इक्कात साड़ियों का अच्छा खासा कलेक्शन है। इसके अलावा वह अक्सर ही हाइनेक ब्लाउज और हाई हील फुटवियर को पहनना पसंद करती हैं।

लंदन से कपड़ों की शॉपिंग
राहुल गांधी अक्सर जब जनता के बीच होते हैं तो सफेद कुर्ते पायजामे या फिर कुर्ते और जींस को प्रमुखता देते हैं। हालांकि अक्सर उनके कुर्ते की ओवरसाइज स्लीव्स लोगों को पसंद नहीं आती है।वैसे आपको बता दें कि राहुल के पास प्रिंटेड शर्ट्स, जींस और सूट का लेक्शन है और लंदन का एक प्रमुख स्टोर उनका पसंदीदा शॉपिंग डेस्टीनेशन है।

युवाओं का लोकप्रिय चेहरा
सचिन पायलट ने सिर्फ 26 वर्ष में संसद पहुंचकर एक नया रिकॉर्ड कायम किया था। सचिन अक्सर यह बात अपने इंटरव्यू में कह चुके है कि उन्हें सिंपल आउटफिट्स पहनना काफी पंसद है। सचिन को फॉर्मल्स काफी पसंद हैं और उनके पास इसका काफी अच्छा खासा कलेक्शन है। इसके अलावा उनका चश्मा उन्हें एक बेहद 'कूल' लुक देता है।

शाही अंदाज
ग्वालियर के सिंधिया राजघराने के ज्योतिरादित्य सिंधिया को अक्सर सफेद कुर्ते, चूड़ीदार और नेहरु जैकेट और काले जूतों में देखा जाता है। इसके साथ ही उनकी कलाई पर अक्सर नजर आने वाला रिस्ट बैड और उनके पास मौजूद रिस्ट वॉचेज का कलेक्शन उन्हें एक स्टाइलिश राजनेता बनाता है। ज्योतिरादित्य के पास सनग्लासेज का भी काफी अच्छा खासा कलेक्शन है।

राजनीति में फैशन का फिल्मी अंदाज
बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमामालिनी चाहे किसी भी चुनावी रैली में जाएं वह अक्सर ही कांजीवरम और सिल्क साड़ियों में खुद को तैयार करती हैं। साथ ही इस बात को भी नहीं भूलती हैं कि साड़ी के साथ मैचिंग ज्वैलरी मिस न हो जाए।

फैशन का अपना टशन
क्रिकेटर से राजनेता बने सिद्धू भले ही दिल और दिमाग से पूरी तरह से भारतीय हों लेकिन उन्हें ठेठ भारतीय अंदाज के कपड़ों में कम ही देखा गया है। सिद्ध जिस तरह से अपनी पगड़ी और टाइ को सूट और शर्ट के साथ मैच करते हैं, वह उन्हें और भी ज्यादा स्टाइलिश बनाता है।

कश्मीर का फैशनेबल नेता
भारतीय राजनेताओं को ट्विटर से रूबरू करवाने और इसके फायदों के बारे में बताने वाले उमर फैशन में भी पीछे नहीं हैं। उमर के पास कश्मीरी ऊन, सिल्क, कॉटन और लिनेन फैब्रिक से तैयार कपड़ों का अच्छा खासा कलेक्शन है।

अनआयरंड लुक पसंद
ममता बनर्जी कभी खुद ही साड़ी डिजाइन करती थीं लेकिन आज वह जिस तरह से खुद को ड्रेस्ड अप करती हैं, वह विशेषज्ञों को खास पसंद नहीं है। ममता बनर्जी अक्सर बिना इस्त्री की हुई साड़ी पहनती हैं। नीले और सफेद रंग की साड़ी में नजर आने वाली ममता तांत की साडि़यों को ही प्रमुखता देती हैं।

फैशन नहीं कुछ खास
तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता जो ग्लैमर इंडस्ट्री का हिस्सा रही है, उनके फैशन सेंस को हमेशा ही नकार दिया गया है। भले ही उनके पास साड़ियों का भंडार हो लेकिन विशेषज्ञों की नजर में आज वह फैशन सेंस में काफी पीछे हें। ऐसी अफवाहें थी कि जयललिता बुलेट प्रूफ जैकेट पहनती हैं और इसलिए वह खुद को पूरी तरह से कवर रखती हैं।












Click it and Unblock the Notifications