King Charles of Britain: जानें ब्रिटिश सम्राटों के अजीब शौक, जादू-टोना से लेकर डाक टिकट का संग्रह शामिल
ब्रिटेन को किंग चार्ल्स तृतीय के रूप में नया राजा मिल जायेगा। उनका इस देश के 13वें राजा के रूप में राज्याभिषेक होगा। गौरतलब है कि इस शाही सिलसिले की शुरुआत साल 1707 में हुई थी।

King Charles of Britain: यूनाइटेड किंगडम के राजा और रानी के रूप में किंग चार्ल्स III और उनकी पत्नी, कैमिला का राज्याभिषेक 6 मई 2023 को वेस्टमिंस्टर एब्बे में होने जा रहा है। राज्याभिषेक एक राजकीय कार्यक्रम है। इस राज्याभिषेक में शाही परिवार के अलावा, प्रधानमंत्री, संसद के प्रतिनिधि, राज्य के प्रमुख और दुनियाभर के अन्य राजघराने शामिल होंगे। साथ ही अन्य देशों के शीर्ष नेता भी अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। भारत से उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ इस शाही समारोह में शिरकत करेंगे।
हालांकि, इस राज्याभिषेक के इतर ब्रिटेन के सम्राटों के शौक भी आपको जानने चाहिए। इसलिए हमने आपकी जानकारी के लिए पिछले ब्रिटिश सम्राटों के अजीबोगरीब शौकों का संकलन किया है। ये शौक न सिर्फ रोचक हैं, बल्कि कई बेहद बेहूदा किस्म के हैं।
किंग जेम्स फर्स्ट
किंग जेम्स प्रथम ने 1603 से 1625 तक शासन किया था। उन्हें भूत-पिशाचों में बहुत दिलचस्पी थी। उन्होंने यह बात अपनी पुस्तक "डेमोनोलॉजी" में भी कही थी। उनकी यह किताब 1597 में प्रकाशित हुई थी। पुस्तक का उद्देश्य बाइबिल की शिक्षाओं के माध्यम से जादू-टोना और जादू के अस्तित्व को साबित करना था। वह विशेष रूप से जादू-टोना में रुचि रखते थे और मानते थे कि यह उनके राज्य के लिए एक गंभीर खतरा है। जेम्स ऐसी ताकतों के अस्तित्व में विश्वास करते थे और यह बताते थे कि जादू-टोना करने वालों को किस तरह की सजा दी जानी चाहिए।
किंग जॉर्ज थर्ड
किंग जॉर्ज तृतीय ने 1760 से 1820 तक शासन किया था। उनकी वनस्पति विज्ञान (बॉटनी) में गहरी रुचि थी। यही नहीं, उनके पास वैज्ञानिक उपकरणों का एक संग्रह था, जो अब लंदन के विज्ञान संग्रहालय में संग्रहित हैं। उनकी कृषि में भी रुचि थी और उन्होंने इस विषय पर कई लेख लिखे। उनकी कृषि में रुचि के लिए उन्हें 'फार्मर जॉर्ज' नाम दिया गया था।
महारानी विक्टोरिया
महारानी विक्टोरिया ने 1837 से 1901 तक शासन किया था। महारानी विक्टोरिया को असामान्य वस्तुओं को इकट्ठा करने में गहरी दिलचस्पी थी। वह फूलों की प्रेसिंग के अपने प्यार के लिए जानी जाती थी। साथ ही जानवरों के अंगो, शैल, अपने प्रियजनों के बालों को भी इकट्ठा करती थी। उनके पास गुड़ियाओं और परिधानों का एक संग्रह भी था, जिसे उन्होंने अपनी दोस्त डैश के साथ मिलकर बनाया था। महारानी की मृत्यु के बाद उनके चित्रों का संग्रह सहित इन असामान्य वस्तुओं का संग्रह, ब्रिटिश संग्रहालय को विरासत में सौंप दिया गया। कुछ साल पहले, महारानी विक्टोरिया के कुछ अंडरगारमेंट्स, नाइटी आदि को आइल ऑफ वाइट (इंग्लैंड में एक टापू) के एक घर से खोजा गया था और अब उन्हें हजारों डॉलर में बेचा जा रहा है।
किंग एडवर्ड सेवेंथ
किंग एडवर्ड सप्तम ने 1901 से 1910 तक शासन किया था। वह अपने कई यौन कारनामों के लिए जाने जाते थे। वह एक प्लेबॉय राजकुमार के रूप में मशहूर थे। उन्हें जुआ खेलने, खाने-पीने और फ्रांसीसी वेश्यालयों में जाने में ही दिलचस्पी रहती थी। उन्हें 'डर्टी बर्टी' और 'एडवर्ड द कैरेसर' के नाम से भी जाना जाता था। 'ब्रिटिश हैरिटेज' के मुताबिक उनकी कई रखैलें थीं। उन्हें खास तौर पर पेरिस के वेश्यालय में जाना पसंद था, जहां उनके पास एक कस्टम-निर्मित लव चेयर थी। जो राजा के लिए एक ही बार में दो महिलाओं को प्रसन्न करने के लिए बनाई गई थी। उसके पास एक तांबे का टब भी हुआ करता था जिसमें वह वेश्याओं के साथ शैम्पेन में नहाना पसंद करते थे।
किंग जॉर्ज फिफ्थ
किंग जॉर्ज पंचम ने 1910 से 1936 तक शासन किया था। उन्हें डाक टिकटों का संग्रह करना बहुत ज्यादा पसंद था। उनके इस संग्रह को उस समय दुनिया में सबसे महंगा माना जाता था। उनका डाक टिकट संग्रह इतना बड़ा था कि इसके लिए बकिंघम पैलेस में एक समर्पित कमरा था, और उन्होंने इसे व्यवस्थित करने के लिए कर्मचारी भी रख रखे थे। वह शाही परिवार में पहले जुनूनी टिकट संग्रहकर्ता थे जिन्होंने रॉयल फिलाटेलिक संग्रह का विस्तार किया था। रॉयल फिलाटेलिक संग्रह ब्रिटिश शाही परिवार का डाक टिकट संग्रह है।
महारानी एलिजाबेथ सेकंड
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय 1952 से 2022 तक महारानी रही। महारानी को घोड़ों से बहुत ही ज्यादा प्यार था। महारानी को घोड़ों से प्यार उनके दादा किंग जॉर्ज पंचम की वजह से हुआ था। एलिजाबेथ अक्सर अपने घोड़ों पर घुड़सवारी करती थी। साल 1974 में, महारानी की घोड़ों में रुचि पर 'द क्वीन्स रेस हॉर्स: ए प्राइवेट व्यू' नामक एक डॉक्यूमेंट्री भी बनाई गई थी और उस डॉक्यूमेंट्री में महारानी ने खुद आवाज दी थी।












Click it and Unblock the Notifications