January Birthdays: नए साल में कुछ खास लोगों का जन्म दिन और मनाने का अलग अंदाज
January Birthdays: नए साल के आते ही भारतीय राजनीति के धुरंधरों के जन्म दिन आने का सिलसिला भी बढ़ जाएगा। जनवरी में कई ऐसे राजनीतिज्ञों के जन्म दिन हैं, जिनके बर्थडे मनाने का अंदाज भी अलग है। जानते हैं उनसे जुड़ी कुछ मजेदार बातें।
ज्योतिरादित्य सिंधियाः ज्योतिरादित्य सिंधिया का जन्म 1 जनवरी 1971 को हुआ था। वह मध्यप्रदेश के गुना से कांग्रेस के सांसद रहे और उन्होंने अक्टूबर 2012 से 2014 तक मनमोहन सिंह सरकार में बिजली मंत्री का पद भार भी संभाला। बाद में वह भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़ गए। इस समय वह राज्य सभा के सांसद और मोदी कैबिनेट में नागरिक उड्डयन मंत्री हैं।

किसी भी राजनेता की तरह ज्योतिरादित्य सिंधिया भी अपना जन्म दिन अपने सहयोगी राजनीतिज्ञों और समर्थकों के बीच मनाते हैं। हां सुबह वह अपने ईष्ट देवताओं की पूजा करना नहीं भूलते। उनके जन्म दिन पर भाजपा समेत तमाम दलों के नेता उन्हें विशेष बधाई देते हैं और उनके लंबे जीवन की कामना के साथ शुभकानाओं वाले संदेश सोशल मीडिया पर भी डालते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने 1 जनवरी 2023 को ट्वीटर पर ज्योतिरादित्य सिंधिया को बधाई देते हुए लिखा था - कनेक्टिविटी पर ध्यान देने के साथ एक जीवंत विमानन क्षेत्र सुनिश्चित करने और इस्पात क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहे केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी को जन्मदिन की बधाई। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद दें।
गुल पनाग: चंडीगढ़ की गुल पनाग का जन्म 3 जनवरी 1979 को हुआ था। वह एक फिल्म अभिनेत्री हैं, मॉडल हैं और आम आदमी पार्टी से जुडी राजनीतिक हस्ती भी हैं। उन्होंने 2003 में आई फिल्म धूप से अपने फिल्मी कैरियर की शुरूआत की थी। उसके बाद गुल ने जुर्म, डोर, हैलो, अब तक छप्पन और स्ट्रेट जैसी फिल्में भी की। फिर वह राजनीति में आम आदमी पार्टी की सदस्य बनी और 2014 में चंडीगढ़ से आम आदमी पार्टी के टिकट पर लोक सभा का चुनाव भी लड़ा, पर हार गईं।
गुल पनाग अपना जन्म दिन हमेंशा सादगी से मनाती हैं। उन्होंने एक अखबार को दिए इंटरव्यू में कहा था- मैं हमेशा निजता को महत्व देती हूं। जनता का ध्यान भटकाए बिना परिवार और करीबी दोस्तों के साथ खुशी का पर्व मनाती हूं। मैं सोशल मीडिया पर कुछ भी पोस्ट करने से परहेज करती हूं।
ममता बनर्जीः ममता बनर्जी का जन्म 5 जनवरी 1955 को हुआ था। कांग्रेस से अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत करने वाली ममता 2011 से लगतार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्होंने 1998 में ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की स्थापना की थी। वह दो बार रेलमंत्री के रूप में भी काम कर चुकी है। 2012 में, टाइम पत्रिका ने उन्हें दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में से एक के रूप में नामित किया था।
ममता बनर्जी अपने जन्मदिन पर खुद कोई बड़ा आयोजन नहीं करती, लेकिन उनके जन्मदिन के अवसर पर, टीएमसी के नेता एवं कार्यकर्त्ता उनकी कल्याणकारी योजनाओं और उनका राजनीतिक संदेश फैलाने के लिए राज्य भर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं। पिछले साल 3.5 लाख पार्टी कार्यकर्ताओं ने लगभग दो करोड़ घरों का दौरा करने का लक्ष्य उनके जन्म दिन के उपलक्ष्य में रखा था। प्रधानमंत्री समेत देश विदेश के तमाम नेता ममता बनर्जी को उनके जन्म दिन पर बधाई देना नहीं भूलते।
नुसरत जहां रूहीः नुसरत जहां का जन्म 8 जनवरी 1990 को हुआ था। वह एक फिल्म अभिनेत्री हैं। वह मुख्य रूप से बंगाली फिल्मों में काम करती हैं। वह ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस की सक्रिय सदस्य हैं। अपनी बेबाक बोली और बिंदास अंदाज के लिए भी वह जानी जाती हैं। 2019 में वह सक्रिय राजनीति में शामिल हुईं और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में बशीरहाट से चुनाव जीत कर संसद पहुंचीं। उनकी चर्चित फिल्मों में खोका 420 है।
नुसरत जहां अपने परिधान और स्पेशल लुक के लिए काफी प्रसिद्ध हैं। मुस्लिम धर्म की अनुयायी होने के बावजूद वह हिदू महिलाओं की तरह श्रृंगार करती हैं। माथे पर बिंदिया और मांग में सिंदूर भी लगाती हैं। अपने पिछले जन्म दिन पर नुसरत ने अपने वाइल्ड लुक के साथ साथ अलग अलग पोज में तस्वीरें खिंचवाते हुए अपने दोस्तों के साथ पार्टी भी की। उनका स्टंनिंग लुक काफी वायरल भी हुआ। अन्य सेलेब्रिटिज की तरह उन्हें भी उनके जन्म दिन पर हजारों लोग बधाईयां भेजते हैं।
मायावती: मायावती का जन्म 15 अक्टूबर 1956 को हुआ था। बहुजन समाज पार्टी के नेता के तौर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश में चार बार मुख्यमंत्री का पद संभाला। वह इस समय बीएसपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, लेकिन हाल ही में उन्होंने अपने भतीजे को अपना राजनीतिक उतराधिकारी नियुक्त किया है। उन्हें भारत की पहली अनुसूचित जाति की महिला मुख्यमंत्री होने का गौरव प्राप्त है। दलित उन्हें एक आइकन के रूप में देखते हैं, और उन्हें बहन-जी के रूप में संबोधित करते हैं।
मायावती का जन्म दिन मनाने का तरीका काफी विवादास्पद रहा है। उनके आलोचक उन्हें अपने जन्म दिन को धन जुटाने के दिवस के रूप में याद करते हैं। उनके जन्मदिन पर उनके हजारों समर्थक उनके और उनकी पार्टी के लिए दिल खोल कर दान देते हैं। मायावती के पास उनकी व्यक्तिगत संपत्ति काफी है और इसी को आधार बनाकर लोग उन पर भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाते हैं। मायावती के जन्म दिन पर उनके गले में नोटों की माला वाला फोटो उनकी खास पहचान बन गया था।












Click it and Unblock the Notifications