Used Car Market: भारत का यूज्ड कार बाजार दस वर्षों में 100 बिलियन डॉलर पार होगा
CARS24 के CEO विक्रम चोपड़ा ने हाल ही में कहा है कि भारत के यूज्ड कार बाजार के वर्ष 2034 तक 100 बिलियन डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है, जो 2023 में 25 बिलियन डॉलर से 15% CAGR से बढ़ रहा है।
इस वृद्धि में योगदान देने वाले कारणों में शहरीकरण, बढ़ता मध्यम वर्ग और बदलती उपभोक्ता प्राथमिकताएँ शामिल हैं।

भारत का यूज्ड कार बाजार कितना बड़ा?
भारतीय यूज्ड कार बाजार बहुत जबरदस्त वृद्धि कर रहा है। मॉर्डोर इंटेलिजेंस की रिपोर्ट के अनुसार, 2024 के अंत तक भारत का यूज्ड कार बाजार लगभग 31.62 बिलियन डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है, और 15.10% की CAGR की अनुमानित वृद्धि के साथ 2029 तक 63.87 बिलियन डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। देश में लोगों की खर्च करने की बढ़ती क्षमता और बढ़ती मांग के कारण, इस बाजार के 2034 तक 100 बिलियन डॉलर का आंकड़ा छूने की उम्मीद है।
पीएस मार्केट रिसर्च की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय यूज्ड कार बाजार वर्ष 2021 में 23.3 बिलियन डॉलर था और 2021-30 के दौरान 17.50% की CAGR के साथ बढ़ने का अनुमान है, जो 99.7 बिलियन डॉलर तक पहुंच जाएगा। आश्चर्य करने वाली बात तो यह है कि, कस्टम मार्केट इनसाईट की रिपोर्ट के मुताबिक तो भारतीय यूज्ड कार बाजार 2023-32 तक 17.7% की CAGR के साथ वृद्धि कर रहा है, 2023 में इसका बाजार 43.05 बिलियन डॉलर था और इसके 2032 तक 138.95 बिलियन डॉलर पहुंचने की उम्मीद है।
भारतीय यूज्ड कार बाजार में प्रमुख खिलाड़ी
CARS24: CARS24 इस बाजार में सबसे बड़े खिलाड़ियों में से एक है, जिसने अपनी पहुंच बढ़ाने, बहुत किफायती दामों पर यूज्ड कार उपलब्ध कराने के लिए रिसर्च और डेवलपमेंट पर जबरदस्त काम किया है। CARS24 की शुरुआत वर्ष 2015 में हुई थी और वित्तीय वर्ष 2023 में इसकी आय ₹535 करोड़ थी।
मारुति सुजुकी ट्रू वैल्यू: अपनी मजबूत बाजार उपस्थिति और विश्वसनीयता के लिए भरोसेमंद कार कंपनी, मारुति सुजुकी ने अपनी कंपनी मारुति सुजुकी ट्रू वैल्यू के साथ भारतीय यूज्ड कार बाजार में मजबूत पकड़ बना रखी है। 31 मार्च 2022 तक, मारुति सुजुकी ट्रू वैल्यू की कुल आय ₹994.1 करोड़ थी।
महिंद्रा फर्स्ट चॉइस व्हील्स: महिंद्रा फर्स्ट च्वाइस व्हील्स भी भारतीय यूज्ड कार बाजार में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। महिंद्रा फर्स्ट च्वाइस व्हील्स ने इस बाजार में अच्छी पकड़ बना रखी है और अपनी सेवाओं के लिए पहचाना जाता है। वित्तीय वर्ष 2023 के अंत तक महिंद्रा फर्स्ट च्वाइस व्हील्स की आय ₹1,151 करोड़ थी।
OLX ऑटोस: भारतीय यूज्ड कार बाजार के ऑनलाइन क्षेत्र में OLX का 'OLX ऑटोज' एक मुख्य खिलाड़ी है। OLX ऑटोज भारत में यूज्ड कार के लिए खरीद और बिक्री को आसान बनाने के लिए ऑनलाइन सेवा प्रदान करता है।
हुंडई H प्रॉमिस: हुंडई H प्रॉमिस एक प्रमुख यूज्ड कार कंपनी है, जो ग्राहकों को अच्छी सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ सर्टिफाइड यूज्ड कार बेचता है। हुंडई H प्रॉमिस, प्रमुख कार निर्माता हुंडई की ही एक सब्सिडियरी कंपनी है।
भारतीय यूज्ड कार बाजार के सामने समस्याएं
मौजूदा समय पर भारतीय यूज्ड कार बाजार कई भारी समस्याओं का सामना कर रहा है। पहला, भारतीय यूज्ड कार बाजार बहुत ही ज्यादा अनऑर्गेनाइज्ड है, इस क्षेत्र में केवल कुछ ही प्रमुख कंपनियां हैं, बाकी 45% अलग-अलग शहरों में मौजूद छोटे-मोटे कार बाजार हैं।
दूसरा, इस मार्केट के पूरी तरह ऑर्गेनाइज्ड नहीं होने की वजह से यूज्ड कार का सही से क्वालिटी टेस्ट नहीं होता, इंस्पेक्शन नहीं होता, और कार बेचने वाले व्यक्ति द्वारा अपने मन की कीमत लगाई जाती है।
तीसरा, इस क्षेत्र में कार खरीददार को पूरी तरह ज्ञान न होने की वजह से कई बार उसे कार बेचने वाले व्यक्ति द्वारा धोखा दिया जाता है। चौथा, यूज्ड कार की डिमांड छोटे शहरों और कस्बों में ज्यादा है, जबकि उसकी सप्लाई महानगरीय क्षेत्र से ज्यादा होती है, जिसकी वजह से बाजार में उतार-चढ़ाव आता रहता है।
भारत की सड़कों पर कितनी यूज्ड कारें दौड़ रही?
कार्स24 की सितंबर 2023 की एक रिसर्च के अनुसार, भारतीय सड़कों पर 3 करोड़ से अधिक चार-पहिया वाहन दौड़ रहे हैं। इस संख्या में उबर, ओला या टैक्सी शामिल नहीं है, बल्कि केवल सफेद नंबर प्लेट गाड़ियों का डाटा शामिल है। CARS24 को-फाउंडर और CFO रूचित अग्रवाल ने मीडिया आउटलेट फाइनेंशियल एक्सप्रेस को बताया कि इस रिसर्च के लिए हम 15 साल पीछे गए, सब कुछ जोड़ा और इस संख्या पर पहुंचे, जो 3 करोड़ यूनिट से थोड़ी अधिक है। 'इंडियन ब्लू बुक' नामक वेबसाइट के आंकड़ों के अनुसार, इन 3 करोड़ गाड़ियों में से लगभग 45 लाख भारतीय यूज्ड कार वित्तीय वर्ष 2023 में बाजार में बेची गई, जिसमें से ऑर्गेनाइज्ड बाजार द्वारा केवल 10 लाख गाड़ियां बेची गई।
दूसरे देशों में क्या स्थिति?
अमेरिका, चीन, यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी और फ्रांस जैसे अन्य देशों में यूज्ड कार बाजार बिक्री के मामले में भारत से काफी आगे है। वित्तीय वर्ष 2021-22 में भारत में लगभग 4.4 मिलियन यूज्ड कार बेची गई जबकि विकसित देशों में 80 मिलियन से भी अधिक यूज्ड कारें बेची गई।
हालांकि, यह हैरान इसलिए भी नहीं करता क्योंकि भारत में प्रति 1000 लोगों पर 22 कारें है, जबकि अमेरिका में प्रति 1000 लोगों पर 980 और यूनाइटेड किंगडम में प्रति 1000 लोगों पर 850 कारें हैं। यह आंकड़ा यह दर्शाता है कि भारत में यूज्ड कार बाजार में वृद्धि की बहुत ज्यादा संभावना है। भारत में अभी तक यूज्ड कार बाजार में जो वृद्धि देखी गई है, उसके पीछे प्रमुख कारण बजट में कमी, फाइनेंशियल स्टेबिलिटी और वारंटी के साथ सर्टिफाइड कारों की उपलब्धता शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications