Indian Cricketers Income: रन मशीन नहीं, धन मशीन बन रहे भारतीय क्रिकेटर, जानिए कौन हैं ऐसे खिलाड़ी
Indian Cricketers Income: एशिया कप 2023 में भारत का पाकिस्तान से मैच रद्द हो गया। इंद्र देव के व्यवधान के कारण 2 सितंबर, 2023 को श्रीलंका में भारत की लाज बच गयी। वरना भारत ने अपनी साख दांव पर तो लगा ही दी थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी की, लेकिन पूरे 50 ओवर तक टिक नहीं पायी और 48.5 ओवर में ही 266 रन बनाकर आउट हो गई।
सोशल मीडिया पर यह बहस जोरदार ढंग से चल रही है कि बीते कुछ सालों से भारतीय क्रिकेट टीम के बड़े खिलाड़ी अपने खेल से ज्यादा एडवरटाईजमेंट और ब्रांड एंडोर्समेंट पर ध्यान दे रहे हैं। वे रन मशीन के बजाय धन मशीन बन गए हैं।

बिजनेस इनसाइडर की एक रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2022 में इंडियन स्पोर्ट्स सेलिब्रिटीज ने कुल 749 करोड़ रुपए विज्ञापनों से कमाए, जिसमें से 85 प्रतिशत कमाई भारतीय क्रिकेटरों की रही। अर्थात कुल 640 करोड़ रुपए भारतीय क्रिकेटरों ने केवल विज्ञापनों से कमाए, जबकि अन्य सभी खेलों के खिलाड़ियों, जिनमें नीरज चोपड़ा, पी वी सिंधु आदि शामिल हैं, को 104 करोड़ रुपए की कमाई विज्ञापनों से हुई।
इसी तरह कुल 505 ब्रांड एंडोर्समेंट्स में से 381 भारतीय क्रिकेटरों को मिले। औसत तौर पर एक विज्ञापन के लिए क्रिकेटरों को अन्य खिलाड़ियों के मुकाबले लगभग दुगुनी फीस भी मिलती है। स्वाभाविक रूप से विज्ञापनों से हो रही कमाई और लोकप्रियता के कारण क्रिकेटर्स का ध्यान खेल पर कम और कमाई पर ज्यादा रहता है। आंकड़ों से यह जानने का प्रयास करते हैं कि ब्रांड एंडोर्समेंट और स्टारडम की वजह से किन खिलाड़ियों का खेल बिगड़ा है।
रोहित शर्मा
स्टारडम ने रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैरियर पर जबर्दस्त प्रभाव डाला है। रोहित शर्मा का पिछले 10 टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में 1-2 मैचों को छोड़कर किसी में भी प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। वहीं अगर बात की जाए वन डे मैचों की तो रोहित शर्मा ने पिछले 10 ओडीआई में से केवल तीन मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि रोहित शर्मा का प्रदर्शन टेस्ट क्रिकेट में अच्छा रहा है। पर टेस्ट क्रिकेट होता ही कितना है? रोहित शर्मा ब्रांड एंडोर्समेंट के माध्यम से एक वर्ष में करोड़ों रुपए कमाते हैं, जिसमें वह मैक्स, जियोसिनेमा, एडिडास, आदि 30 ब्रांड्स को प्रमोट करते है।
विराट कोहली
पिछले कुछ सालों में विराट कोहली का भी प्रदर्शन भी अपने शुरुआती दौर के मुकाबले कुछ खास नहीं रहा है। विराट ने अपने आखिरी 10 टेस्ट मैचों में से केवल दो में अच्छा प्रदर्शन किया है। ओडीआई में भी टेस्ट की तरह उन्होंने 10 में से केवल दो में अच्छा प्रदर्शन किया। वहीं अगर बात की जाए टी-20 की तो, टी-20 में विराट का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है। कोहली ने विज्ञापन, आदि माध्यमों से अच्छी खासी रकम कमाई है। जीक्यू इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 में विराट ने अकेले विज्ञापन के माध्यम से ₹238.7 करोड़ कमाए हैं। कोहली ज्यादातर एमआरएफ टायर्स, ऑडी, हीरो, प्यूमा, आदि 30 से अधिक ब्रांड्स के विज्ञापन में नजर आते है।
हार्दिक पंड्या
स्टारडम हार्दिक पांड्या के खेल को भी प्रभावित कर रही है। हार्दिक पांड्या का आखिरी 10 टेस्ट मैचों में से केवल तीन में ही प्रदर्शन अच्छा रहा है। वहीं अगर बात की जाए टी-20 की तो, हार्दिक पांड्या का आखिरी 10 टी-20 में से एक में भी प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है, यहां तक की आखिरी 10 मैचों में से किसी में भी उनके 30 रन से ऊपर नहीं है। अगर बात की जाए आखिरी 10 ओडीआई की तो, ओडीआई में हार्दिक का प्रदर्शन ठीक रहा है, लेकिन उसे संतोषजनक नहीं कहा जा सकता। अगर ब्रांड एंडोर्समेंट की बात की जाए तो, इनसाइड स्पोर्ट्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक पांड्या हर ब्रांड एंडोर्समेंट का ₹1 करोड़ चार्ज करते हैं।
शुभमन गिल
उभरते हुए खिलाड़ी शुभमन गिल के खेल को भी उनके ब्रांड एंडोर्समेंट और स्टारडम ने प्रभावित किया है। शुभमन गिल का आखिरी 10 टेस्ट मैचों में से केवल तीन मैचों में प्रदर्शन अच्छा रहा है। ऐसा ही हाल उनका टी-20 और ओडीआई में भी रहा। आखिरी 10 ओडीआई और आखिरी 10 टी-20 में से भी उनका प्रदर्शन केवल तीन ओडीआई में और तीन टी-20 में ही अच्छा रहा, बाकी मैचों में उनका हाल बेहाल रहा। स्पोर्ट्स मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, गिल की कुल वार्षिक आय ₹10 करोड़ से ₹12 करोड़ के बीच है, जिसमें उनका वेतन और ब्रांड एंडोर्समेंट फीस शामिल है। शुभमन गिल माय 11 सर्कल, जेबीएल, नाइक, सीएट, आदि ब्रांड्स को एंडोर्स करते है।
श्रेयस अय्यर
बाकी सभी खिलाड़ियों की तरह ज्यादा ब्रांड एंडोर्समेंट और स्टारडम ने श्रेयस अय्यर के खेल को भी प्रभावित किया है। श्रेयस का पिछले 10 टेस्टों में प्रदर्शन साधारण रहा है, हालांकि आखिरी दो टेस्टों में तो वह शून्य पर ही सिमट गए। वही आखिरी 10 ओडीआई मैचों में से तीन में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा और बाकी में कुछ खास नहीं रहा। वहीं अगर बात की जाए पिछले 10 टी-20 की तो, उनमें से केवल एक में श्रेयस का प्रदर्शन अच्छा रहा, तीन मैचों में तो वह शून्य पर ही पवेलियन को लौट गए। क्रिक फैन की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रेयस फिलहाल बोट, मान्यवर, ड्रीम 11, आदि को प्रमोट करते है और हर ब्रांड से ₹1 करोड़ चार्ज करते है।
केएल राहुल
केएल राहुल को बहुत लंबा समय हो गया है, वह फॉर्म में नजर नहीं आए हैं, सोशल मीडिया पर कई लोगों के मुताबिक केएल राहुल पर अब स्टारडम का भूत सवार हो गया है। राहुल ने अपने पिछले 10 टेस्ट मैचों में से केवल तीन में अच्छा प्रदर्शन किया है। वहीं अगर बात की जाए ओडीआई की तो, पिछले 10 ओडीआई में से राहुल ने केवल तीन मैचों में ही अच्छा प्रदर्शन किया है। वहीं राहुल ने पिछले 10 टी-20 मैचों में से केवल चार मैचों में ही अच्छा प्रदर्शन किया है। चेज़ यॉर स्पोर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल ने क्योर फिट, गली, रेड बुल और टाटा सहित कई ब्रांडों का एंडोर्समेंट करते हैं।
अक्षर पटेल
अक्षर पटेल ऑल राउंडर होने के बावजूद टेस्ट क्रिकेट को छोड़कर क्रिकेट के बाकी फॉर्मैट्स में अपना जोर नहीं दिखा पाए। टेस्ट क्रिकेट में अक्षर पटेल द्वारा खेले गए पिछले 10 मैचों में से चार मैचों में उन्होंने जबरदस्त पारियां खेली। वहीं अगर बात की जाए ओडीआई और टी-20 मैचों की तो, उनके पिछले 10 ओडीआई मैचों में अक्षर ने केवल एक मैच में 50 रन से ज्यादा की पारी खेली, और उनका यही हाल उनके आखिरी 10 टी-20 मैचों में भी हुआ, उसमें भी उन्होंने खाली एक मैच में ही 50 रन से ज्यादा की पारी खेली। फेंटेसी खिलाड़ी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अक्षर प्रत्येक ब्रांड एंडोर्समेंट के लाखों रुपए चार्ज करते हैं।
Indian Cricketers Income:
हालांकि, हाल ही के भारत और पाकिस्तान मैच में ईशान किशन ने 82 रन बनाकर जबरदस्त स्कोर खड़ा किया लेकिन ईशान किशन का प्रदर्शन टी-20 क्रिकेट में बिल्कुल भी संतोषजनक नहीं रहा है। इशान किशन ने अपने पूरे करियर में दो टेस्ट मैच खेले हैं। वहीं अगर बात की जाए ओडीआई की तो, अपने पिछले 10 ओडीआई में ईशान किशन ने पांच ओडीआई में तो 50 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया है, जो कि कबील-ए-तारीफ है। वहीं अगर बात की जाए टी-20 में तो, टी-20 में तो ईशान किशन ने पिछले 10 मैचों में से एक भी मैच में 40 का आंकड़ा पार नहीं किया है। ईशान किशन भारतीय रिजर्व बैंक, नॉइस, सीएट, आदि ब्रांड का एंडोर्समेंट करते हैं, और प्रति ब्रांड लाखों रुपए चार्ज करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications