Illegal Immigration: क्यों अमेरिका जाते हैं सबसे अधिक अवैध अप्रवासी
अमेरिका दुनिया का वह देश है जहां सबसे अधिक अवैध अप्रवासी रहते हैं। अमेरिका की कुल 33 करोड़ की आबादी में 5.2 करोड़ लोग बाहर के देशों से आकर बसे हैं। उसके बाद जर्मनी का नंबर आता है। जर्मनी में ज्यादातर आतंक से भागने वाले शरणार्थी हैं। उसके बाद सऊदी अरब भी एक ऐसा देश है, जहां अच्छी कमाई के लालच में अप्रवासियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रूस 11 मिलियन अप्रवासियों के साथ सूची में चौथे नंबर पर आता है और ब्रिटेन 9 मिलियन अप्रवासियों के साथ पांचवें स्थान पर।

भारतीयों के मन में अमेरिकी ड्रीम
कुछ दिन पहले जब यह खबर आई कि अवैध आप्रवासन के संदेह में वैट्री हवाई अड्डे (फ्रांस के पूर्वी मार्ने क्षेत्र में) पर पांच दिन तक लीजेंड एयरलाइंस की उड़ान रोक दी गई और उसके बाद भारतीय यात्रियों से विभिन्न राज्यों में स्थानीय पुलिस द्वारा पूछताछ शुरू कर दी गई तो पता चला कि मुख्य रूप से गुजरात और पंजाब के लगभग 300 भारतीय अवैध रूप से निकारागुआ के माध्यम से मैक्सिको की यात्रा कर रहे थे। उन्होंने कथित तौर पर तस्करों को लाखों रुपये का भुगतान किया था।
इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं थी प्यू रिसर्च सेंटर के अनुसार, 2021 में लगभग 725,000 भारतीय बिना दस्तावेज़ के अमेरिका में रह रहे थे। 2017 के बाद से यह संख्या लगातार बढ़ी है। मैक्सिको और साल्वाडोर के लोगों के बाद भारतीय ही अमेरिका में अवैध प्रवासियों के रूप में तीसरा सबसे बड़ा समूह हैं।
प्यू रिसर्च सेंटर के अनुसार 2019 के बाद से अमेरिकी सीमाओं में घुसने का प्रयास करने वाले भारतीय प्रवासियों की संख्या दस गुना से अधिक बढ़ गई है। अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा ने कथित तौर पर 2022-2023 में 96,917 अवैध भारतीय प्रवासियों की पहचान की थी, जबकि 2018-2019 में यह संख्या 8,027 थी।
अवैध रूप से अमेरिका में घुसने के प्रयास में कई हादसे हुए। अप्रैल 2023 में गुजरात का एक परिवार सेंट लॉरेंस नदी में डूबा हुआ पाया गया। कनाडा के पर्यटक वीज़ा पर माता-पिता और उनके दो बच्चों ने अवैध रूप से नदी पार करके अमेरिका में प्रवेश करने का प्रयास किया था। 2019 में पंजाब की एक 6 वर्षीय लड़की एरिज़ोना रेगिस्तान में मृत पाई गई थी।
अमेरिका में 50 साल में चार गुणा बढ़ गए आप्रवासी
वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू के अनुसार 1960 के दशक के बाद से संयुक्त राज्य अमेरिका में अप्रवासियों की संख्या में 400 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। यहाँ सबसे ज्यादा मेक्सिको के लोग आ कर रह रहे हैं। इनकी संख्या लगभग 11 मिलियन है। यानि संयुक्त राज्य अमेरिका में रह रहा हर चौथा अप्रवासी मैक्सिकन है।
इसका सबसे बड़ा कारण संयुक्त राज्य अमेरिका और मेक्सिको की सीमा एक दूसरे से लगना है। इसलिए मेक्सिको के लोगों का अमेरिका में प्रवेश करना आसान है। अमेरिका एक मजबूत अर्थव्यवस्था है, यह दुनिया के सबसे धनी देशों में से एक है इसलिए यह देश दुनिया भर लोगों के लिए आदर्श है। यहाँ आने वाले अधिकतर अवैध अप्रवासी नागरिकता के लिए कानूनी रास्तों को खंगालते रहते हैं।
ग्रीन कार्ड की चाहत
अमेरिका स्थायी निवास वीजा के लिए ग्रीन कार्ड जारी करता है। यूएस की इस ग्रीन कार्ड की मांग काफी अधिक है। स्टैटिस्टा के अनुसार 2007 के बाद से संयुक्त राज्य अमेरिका प्रति वर्ष लगभग दस लाख लोगों को ग्रीन कार्ड दे रहा है। अब आम अमेरिकी इस नीति से परेशान भी हो रहे हैं और लगातार अवैध नागरिकों को पकड़ने का अभियान भी चलाया जा रहा है। पिछले कुछ सालों में अमेरिकी अधिकारियों ने लगभग 1.87 मिलियन अवैध नागरिकों को पकड़ा है।
अमेरिका में शरणार्थी
अवैध आप्रवासन ही समस्या नहीं है, बल्कि वहाँ बड़ी संख्या में शरणार्थी भी रहते हैं। अमेरिका में शरणार्थी का दर्जा प्राप्त करना सबसे आसान काम है। खुद को खतरनाक परिस्थितियों में होने और जान का खतरा बताकर अपना देश छोड़ने वालों को नियमित आधार पर संयुक्त राज्य अमेरिका में रहने की अनुमति मिल जाती है। 2022 में अकेले कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य से लगभग 8,000 शरणार्थी आए और अमेरिका ने उन्हें शरण दे दी। 2022 के फरवरी में यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बाद से, अमेरिका ने 2,000 से अधिक यूक्रेनी शरणार्थी आकर बस चुके हैं।
सऊदी अरब में 40 प्रतिशत तक बाहरी लोग
वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू के अनुसार जर्मनी में 16 मिलियन अप्रवासी रहते हैं। कुल जनसंख्या का लगभग 18.8 प्रतिशत। वहीं सऊदी अरब में 14 मिलियन अप्रवासी रहते हैं, जो कि जनसंख्या का 39 प्रतिशत है। सऊदी अरब की सरकार ने अब जाकर अवैध आप्रवासियों पर लगाम लगाना शुरू किया है।
पिछले साल जुलाई में सऊदी आंतरिक मंत्रालय ने 1952 के संशोधित सऊदी रेजीडेंसी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नए दंड की घोषणा की थी, जिसके तहत गैर कानूनी तरीके से सऊदी में प्रवेश करने वालों पर 100,000 सऊदी रियाल तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।
केवल बाहरी ही नहीं यदि घरेलू प्रबंधक किसी अवैध प्रवासी को नौकरी देते हैं तो एक वर्ष के कारावास की सजा हो सकती है और यदि प्रबंधक प्रवासी है तो उसका निर्वासन भी हो सकता है। यह दंड उन निजी संस्थाओं पर भी लागू होते हैं जो अपने विदेशी कर्मचारियों को किसी तीसरे पक्ष के लिए काम करने की अनुमति देते हैं।
यही नहीं विदेशी नागरिकों को राज्य में अवैध रूप से प्रवेश करने में सहायता करने पर 5,000 सऊदी रियाल का जुर्माना या पांच महीने की कैद या दोनों दंड मिल सकता है। सऊदी अधिकारियों ने पिछले साल सुरक्षा अभियान के तहत 8,398 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।












Click it and Unblock the Notifications