Google Losses: छोटी सी गलती से गूगल को अरबों डॉलर का नुकसान, क्या पहले भी लगा है ऐसा झटका?
चैट जीपीटी की टक्कर में गूगल की पैरेंट कंपनी एल्फाबेट भी अपना चैटबॉट "बार्ड" मार्केट में उतारने वाली है। हालांकि, शुरू होने से पहले ही इसने कंपनी का $100 बिलियन का भारी-भरकम नुकसान करवा दिया है।

Google Losses: गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट को एक ही दिन में $100 बिलियन का नुकसान हुआ है। 8 फरवरी 2023 को अल्फाबेट के शेयर 8.59 डॉलर प्रति शेयर गिरकर 99.05 डॉलर पर पहुंच गए। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पहले इसके शेयरों में 8.9 प्रतिशत की गिरावट 26 अक्टूबर 2022 को आई थी। अल्फाबेट का मार्केट कैप एक दिन में $100 बिलियन कम हो चुका है और अब यह 1.278 ट्रिलियन डॉलर है।
दरअसल, माइक्रोसॉफ्ट ने ChatGPT नाम का एक चैटबॉट पेश किया था। इसे सर्च इंजन की नई तकनीक माना जा रहा है। ऐसे में ChatGPT के जवाब में एल्फाबेट ने चैटबॉट बार्ड पेश किया। कंपनी ने इसके प्रमोशन के लिए ट्विटर पर एक शॉर्ट वीडियो पोस्ट किया, जिसमें बार्ड ने एक गलत जानकारी बता दी। गूगल चैटबॉट से पूछा गया था कि जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप ने किस चीज की खोज की थी? इस पर बार्ड ने कहा कि पहली बार इससे पृथ्वी के सोलर सिस्टम के बाहर किसी ग्रह (एक्सोप्लेनेट) की तस्वीर ली गई थी। जबकि नासा की ओर से बताया गया कि यह तस्वीर वेरी लार्ज टेलीस्कोप से ली गई थी। बार्ड के एक गलत उत्तर से कंपनी की मार्केट वैल्यू $100 बिलियन कम हो गई है। इस गलती का पता गूगल को माउंट व्यू कैलिफोर्निया में प्रेजेंटेशन के ठीक पहले पता चला।
जब गूगल की कई सर्विस बंद हो गयी
लगभग दो साल पहले दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल गूगल की कई सर्विस डाउन हो गई थी। इसमें सबसे ज्यादा समस्या जीमेल, गूगल ड्राइव और यूट्यूब पर रही। दुनियाभर में गूगल की सर्विस करीब 40 मिनट तक क्रैश रहीं। बता दें कि यूट्यूब पर 60 सेकंड में 500 घंटे का डेटा अपलोड होता है। यानी 40 मिनट की परेशानी के दौरान इस सर्विस पर 20 हजार घंटे का डेटा अपलोड नहीं हो पाया। इस दौरान करीब 50 करोड़ यूजर्स ई-मेल भी नहीं भेज सके। इस दौरान जीमेल, यूट्यूब, कैलेंडर, ड्राइव, डॉक्स, शीट्स, स्लाइड्स, साइट्स, ग्रुप्स, हैंगआउट्स, चैट, मीट, वॉल्ट, करन्ट्स, फॉर्म्स, क्लाउड सर्च, कीप, टास्क, वॉइस जैसी सर्विस बंद रही। इस विश्वव्यापी विफलता के दौरान गूगल को लगभग $45.5 मिलियन का नुकसान हुआ था।
गौरतलब है कि दुनियाभर में जीमेल के करीब '180 करोड़ से ज्यादा यूजर्स' हैं। उसके पास 2020 में ईमेल सर्विस का 43 प्रतिशत मार्केट शेयर था। ईमेल के एक्सेस के लिए 75 प्रतिशत से ज्यादा लोग फोन का यूज करते हैं। 2020 में हर दिन 306.4 बिलियन ईमेल सेंड और रिसीव्ड किए गए थे।
साफ्टवेयर अपडेट नहीं होने पर हुआ था
अगस्त 2022 में भी गूगल बंद हआ था। आउटएज ट्रैकिंग वेबसाइट Downdetector.com के मुताबिक उस समय 40 से अधिक देशों में गूगल आउटेज का असर अलग-अलग समय पर हुआ। बाद में पता चला कि सॉफ्टवेयर अपडेट की वजह से यह समस्या आई थी। उस समय हर महीने करीब 8900 करोड़ बार यूजर्स द्वारा विजिट करने का दावा करने वाले गूगल के ठप होने से यूजर्स ने महसूस किया था कि एक ही सर्च इंजन पर निर्भरता के क्या नुकसान हो सकते हैं? कंपनी ने इस आउटेज के लिए माफी मांगी थी। उसके प्रवक्ता ने बताया कि समस्या सॉफ्टवेयर अपडेट के दौरान पैदा हुई। तब भी गूगल को करोड़ों का नुकसान झेलना पड़ा था। हालांकि, उसे कितना नुकसान हुआ इसके अधिकारिक आकड़ें जारी नहीं किये गए।
कम हुआ अल्फाबेट का मुनाफा
वर्ष 2022 में arstechnica.com की एक रिपोर्ट में बताया गया कि अल्फाबेट की कमाई लगातार कम हो रही है। कंपनी की 2022 की तीसरी तिमाही की कमाई की रिपोर्ट पर यह जानकारी दी गई थी। इस रिपोर्ट में उम्मीद से कम कमाई और राजस्व के साथ पिछले साल की तुलना में मुनाफे में 27 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। हालांकि कंपनी राजस्व साल-दर-साल 6 प्रतिशत बढ़कर 69.1 अरब डॉलर हो गया था जो 2021 की तीसरी तिमाही से 41 प्रतिशत की वृद्धि पर था। वहीं मुनाफे की बात की जाए तो रिपोर्ट के अनुसार 2021 की तीसरी तिमाही के 18.9 अरब डॉलर से घटकर यह 13.9 अरब डॉलर रह गया।
घाटे में गूगल क्लाउड
अल्फाबेट ने 7 अप्रैल 2008 को गूगल क्लाउड को लॉन्च किया था। गूगल क्लाउड कंप्यूटिंग, स्टोरिंग, नेटवर्किंग जैसी विभिन्न सेवाएं प्रदान करता हैं। 2022 में अल्फाबेट ने अपनी क्लाउड यूनिट के लिए परिचालन आय का खुलासा किया था। accelerationeconomy वेबसाइट के अनुसार गूगल क्लाउड ने 'मार्च टू प्रॉफिटेबिलिटी' पर Q4 के नुकसान को $ 410 मिलियन घटा दिया था। 2022 की रिपोर्ट के अनुसार Q4 के लिए गूगल क्लाउड का परिचालन घाटा $480 मिलियन था, जबकि $7.32 बिलियन का राजस्व हुआ था।
हालांकि, अब क्लाउड ने परिचालन घाटे (operating loss) को लगभग $410 मिलियन तक कम कर दिया है। फिर भी यह अभी घाटे में है। गौरतलब है कि 2021 की चौथी तिमाही में, $5.54 बिलियन के राजस्व पर परिचालन घाटा $890 मिलियन था, जो राजस्व के 16% के बराबर था। वहीं क्लाउड ने वर्ष 2022 की दूसरी तिमाही के दौरान $6.3 बिलियन का राजस्व अर्जित किया था, जोकि 2021 में इसी अवधि की तुलना में 35 प्रतिशत अधिक था। इतने अधिक राजस्व के बावजूद, कंपनी की क्लाउड सेवा लाभदायक नहीं रही।
'Other Bets' में भी नुकसान
अल्फाबेट की रिपोर्ट में दो सबसे बड़े नुकसान जिनमें हुए हैं उनमें Other Bets और गूगल क्लाउड हैं। बता दें कि अदर बेट्स अल्फाबेट का हिस्सा है। साथ ही अदर बेट्स कई ऑपरेटिंग सेगमेंट का एक संयोजन है। Other Bets में एक्सेस, केलिको, कैपिटलजी, जीवी, नेस्ट, वेरिली, वेमो और एक्स जैसे व्यवसाय शामिल हैं। गूगल को इसमें भी घाटा रहा है। अल्फाबेट को परिचालन घाटे (operating losses) में करीब 30 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ था। 2017 से 2021 तक, अदर बेट्स ने $3 बिलियन से अधिक का कुल राजस्व प्राप्त किया और $20 बिलियन से अधिक का कुल घाटा हुआ। 2022 में, Other Bets से $1 बिलियन से अधिक की बिक्री होने की उम्मीद थी, लेकिन इसमें $6 बिलियन से अधिक का परिचालन घाटा भी हुआ।
विज्ञापन मंदी बना बड़ा कारण
Recommended Video

द न्यूयॉर्क टाइम्स में 2 फरवरी 2023 को प्रकाशित एक खबर के अनुसार विज्ञापन मंदी के बीच अल्फाबेट के लाभ में 34 प्रतिशत की गिरावट आई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि कंपनी ने लागत में कटौती के लिए अपने कार्य बल में 6 प्रतिशत कमी करने के बाद तिमाही लाभ में लगातार चौथी गिरावट दर्ज की है। कंपनी ने अपने मुनाफे में लगातार गिरावट दर्ज की क्योंकि यह डिजिटल विज्ञापन में मंदी से जूझ रही थी।
यह भी पढ़ें: Google Bard AI: ChatGPT की टक्कर में गूगल ने बनाया AI चैटबॉट Bard, ज्यादा हाईटेक होने का दावा












Click it and Unblock the Notifications