FIFA Super Moms: कौन हैं फीफा महिला विश्वकप की सुपर मदर्स, जो खेल और परिवार दोनों को संभालती हैं
FIFA Super Moms: 20 जुलाई से 20 अगस्त 2023 तक फीफा महिला विश्वकप का 9वां संस्करण आयोजित होगा। इसकी संयुक्त मेजबानी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड कर रहे हैं। इस बार फीफा महिला विश्व कप के लिए कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जबकि 2019 में 24 टीमें ही शामिल हुई थीं। वहीं 2015 में फीफा विश्व कप के लिए केवल 16 टीमों ने हिस्सा लिया था।
खास बात यह है कि इस फीफा महिला विश्वकप में कई खिलाड़ी ऐसी हैं जो मां बन चुकी हैं। इन सुपर मॉम खिलाड़ियों के हौंसले काफी बुलंद हैं क्योंकि महिलाओं का फुटबॉल अब लोकप्रिय हो रहा है। ये सुपर मदर्स अपनी टीम का प्रतिनिधित्व भी कर रही हैं। आइये आपको बताते हैं इन सुपर मॉम्स के बारे में।

चेना मैथ्यूज, जमैका
जमैका की टीम में चेना मैथ्यूज को 2019 फीफा महिला विश्वकप में चुना गया था। तब उन्होंने ग्रेनोबल में ब्राजील के खिलाफ ग्रुप स्टेज के दौरान अपना डेब्यू मैच खेला था। मैथ्यूज टीम में फॉरवर्ड खिलाड़ी की भूमिका निभाती है। जब फीफा विश्वकप में उन्होंने डेब्यू किया, तब मैथ्यूज दो बेटों की मां बन चुकी थी। दो बच्चों की मां होने के बाद सीधे विश्वकप खेलने वाली वह पहली खिलाड़ी है। हालांकि, अब उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गयी है। मार्च 2022 में उन्होंने एक और बेटे को जन्म दिया, यानि अब वह तीन बच्चों की मां बन चुकी है। फीफा ने उन्हें जमैका की 'सुपर मॉम' का दर्जा दिया है।
कोन्या प्लमर, जमैका
साल 2019 में जमैका की राष्ट्रीय टीम रेगे गर्ल्स ने पहली बार फीफा महिला विश्वकप के लिए क्वालीफाई किया था। तब इस टीम की कप्तान कोन्या प्लमर थी। टीम में उनकी भूमिका एक डिफेंडर के तौर पर है। हालांकि, यह टीम तब ब्राजील, इटली और ऑस्ट्रेलिया से हारकर ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गयी थी। कोन्या प्लमर ने जुलाई 2022 में सोशल मीडिया पर खुद के प्रेग्नेंट होने की बात बतायी थी। अब वह एक बेटे की मां है और इस विश्वकप में मैदान पर दिखाई देंगी।
वानीना कोर्रिया, अर्जेंटीना
39 वर्षीय वानीना कोर्रिया अर्जेंटीना की कप्तान है। वह इस बार अपना चौथा फीफा विश्वकप (2003, 2007, 2019 और 2023) खेलने वाली है। वानीना कोर्रिया अपनी टीम में गोलकीपर की भूमिका निभाती है। साल 2011 में अर्जेंटीना ने फीफा महिला विश्वकप के लिए क्वालीफाई नहीं किया था। तब कोर्रिया ने 2012 में संन्यास ले लिया और 2014 को उन्होंने लूना और रोमियो नाम के दो जुड़वा बच्चों को जन्म दिया।
इसके बाद अर्जेंटीना की टीम 2015 में भी फीफा के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी। फिर साल 2017 में उन्हें दोबारा फुटबाल खेलने के लिए राजी किया गया। जिसके बाद टीम ने जबरदस्त कम बैक किया और साल 2019 में फीफा के लिए क्वालीफाई किया। साल 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ एक मैच में उन्होंने छह शानदार बचाव किये, जिसे लेकर इंग्लिश कोच फिल नेविल ने उनकी जमकर प्रशंसा की थी। हालांकि, इंग्लैंड ने अर्जेंटीना को इस मैच में 1-0 से हरा दिया था।
एलेक्स मॉर्गन, अमेरिका
महिला फुटबॉल जगत की सबसे खुबसूरत खिलाड़ी के तौर पर चर्चित 34 वर्षीय एलेक्स मॉर्गन, अमेरिकी टीम की स्टार खिलाड़ी है। वह तीन बार फीफा विश्वकप खेल चुकी है। जबकि दो बार विश्व कप (2015 और 2019) जीतने वाली टीम का हिस्सा रही। एलेक्स मॉर्गन ने 7 मई 2020 को एक बेटी को जन्म दिया था। इस बार के फीफा विश्वकप में एलेक्स मॉर्गन खेलती हुई दिखाई देंगी।
जूली एर्ट्स, अमेरिका
एलेक्स मॉर्गन की तरह 31 वर्षीय जूली एर्ट्स भी उस अमेरिकी टीम का हिस्सा है, जो 2015 और 2019 में दो बार विश्वकप जीतने में कामयाब रही। जूली एर्ट्ज ने अगस्त 2022 को एक बेटे को जन्म दिया था। इसके बाद एक साल से कम समय बाद वह मैदान पर लौट आयी।
क्रिस्टल डन, अमेरिका
31 वर्षीय क्रिस्टल डन मई 2022 में मां बनी थी। गौरतलब है कि सात महीने की गर्भवती होने तक वह अपने क्लब पोर्टलैंड थॉर्न्स के साथ खेल रही थी। क्रिस्टल डन साल 2019 में विश्वकप जीतने वाली अमेरिकी टीम का हिस्सा थी और 2023 के विश्वकप टीम का भी हिस्सा है। क्रिस्टल डन अमेरिकी महिला टीम की एक असाधारण खिलाड़ी है। पिछले साल अपने बच्चे को जन्म देने के चार महीने के बाद ही वह राष्ट्रीय टीम में शामिल हो गयी थी। जस्ट विमेन स्पोर्ट्स को दिये एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि मां बनने से उसका दृष्टिकोण बदल गया है। मुझे लगता है कि एक मां होने के नाते मैं अब एक बेहतर एथलीट हूं, क्योंकि मैंने हर छोटे पल की सराहना करना सीख लिया है।
अमल माजरी, फ्रांस
30 वर्षीय अमल माजरी ने जुलाई 2022 को एक बेटी को जन्म दिया था। बेटी के जन्म के केवल पांच महीनों बाद ही अमल माजरी ने फुटबॉल टीम में वापसी की। फीफा की ऑफिशिएल वेबसाइट पर उपलब्ध इंटरव्यू के मुताबिक अमेल माजरी कहती है कि मैं पूरे जोश में हूं। मैं अपने खेल को प्रभावित किये बिना आगे बढ़ सकती हूं। हां, एक बिंदु पर मुझे वास्तव में संदेह हुआ। मुझे सोने में परेशानी हो रही थी क्योंकि मैं अपनी बेटी को स्तनपान करा रही थी, मैंने दो साल की अवधि तक स्तनपान कराने का संकल्प लिया था। हालांकि, नींद की कमी के कारण, प्रशिक्षण सत्रों का प्रबंधन करना मुश्किल था। सच कहूं तो, मैं रुकना चाहती थी लेकिन मेरे आस-पास के लोगों ने मेरा खूब समर्थन किया। जिसके कारण आज मैं खेल रही हूं।
मेलनी ल्यूपोल्ज, जर्मनी
जर्मनी की यह 29 वर्षीय मिड-फिल्डर खिलाड़ी 2015 और 2019 के फीफा महिला विश्वकप खेल चुकी हैं। इस बार उनका यह तीसरा विश्व कप होगा। ल्यूपोल्ज ने 11 अक्टूबर 2022 को सोशल मीडिया के माध्यम से एक बच्चे को जन्म देने की जानकारी दी थी। उन्होंने जर्मन वेबसाइट डीडब्ल्यू को बताया कि स्पष्ट रुप से मां बनना और राष्ट्रीय टीम के लिए खेलना चुनौतीपूर्ण तथा मुश्किल हैं। लेकिन, अच्छी बात यह है कि मैं दोनों कामों को बखूबी निभा सकती हूं। मुझे मालूम था कि मां बनना मेरे करियर के लिए जोखिम खड़ा कर सकता है। लेकिन, मुझे हमेशा ही सबका समर्थन मिला है और मैं उनके समर्थन के साथ यह कर सकती हूं।












Click it and Unblock the Notifications