पहाड़ों पर बर्फ ने, जमीन पर पानी ने बढ़ाई ठिठुरन
श्रीनगर/दिल्ली। उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप एक बार फिर दिखने लगा, जब जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी और उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में बारिश हुई। लोग ठिठुरन से कांप उठे, सर्द हवाओं ने जीना मुहाल कर दिया है। रैन बसेरे खचाखच भर गये हैं और लोग घरों से निकल नहीं पा रहे हैं। सच पूछिए तो कश्मीर तो भारत से कट सा गया है।
कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में रहने वाले व एनएचपीसी में कार्यरत दिनेश मणि पाठक ने वनइंडिया को बताया कि श्रीनगर में आलम यह है कि कई इलाके एक दूसरे से कट गये हैं। दूध, फल, सब्जी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है। यहां पर लोग वैक्यूम पैक्ड दूध पर ही निर्भर हैं, क्योंकि साधारण दूध की सप्लाई तो जाड़ा शुरू होते ही बंद हो गई थी। इसके अलावा सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। बर्फबारी के कारण सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों को हो रही है, क्योंकि पढ़ाई पूरी तरह ठप है। जनवरी के मध्य तक कुछ राहत मिल जाती थी, लेकिन इस बार जनवरी ने भी तोड़ कर रख दिया है।
श्री पाठक के अनुसार यातायात एवं विमान सेवाएं पूरी तरह ठप हैं। यहां तक शहर के अंदर भी वाहन नहीं चल रहे हैं। लाल चौक से लेकर अन्य इलाकों तक जाने वाले सभी रास्तों पर बर्फ जमी हुई है। पर्यटकों का हाल यह है कि तमाम लोग तो यहां आकर फंस गये हैं, और वापस नहीं लौट पा रहे हैं।
इधर राजधानी दिल्ली में गुरुवार की सुबह हलकी बारिश हुई, जिस वजह से तापमान में भारी गिरावट दर्ज हुई। मध्य प्रदेश में बीते 24 घंटों में हुई बारिश ने ठंड का असर बढ़ा दिया है। आसमान पर छाए बादलों के साथ चल रहीं सर्द हवाओं से मौसम में ठिठुरन है। बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदला है। कुछ जगहों पर रिमझिम फुहारों का दौर जारी है। बिहार में कड़ाके की ठंड से लोगों को जल्द राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान कोहरे की वजह से धूप नहीं निकलेगी। बर्फीली हवाएं भी जारी रहने की संभावना है। स्लाइडर में देखें बर्फबारी की तस्वीरें।

बारामूला-बनिहाल रेल सेवा ठप
जम्मू और कश्मीर का श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग और बारामूला-बनिहाल रेल सेवा गुरुवार को दूसरे दिन भी बंद रही।

उड़ानें रद्द
खराब दृश्यता और लगातार बर्फबारी के चतले बुधवार को भी श्रीनगर से कोई उड़ान नहीं भरी जा सकी थी।

यातायात ठंप
यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बनिहाल और पटनीटोप इलाकों में हुई बर्फ बारी से 300 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर निकासी कार्यों में बाधा आई है।

जम गये वाहन
श्रीनगर में यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "हाईवे की स्थिति के बारे में जानने के लिए जम्मू और श्रीनगर के हमारे नियंत्रण कक्ष से संपर्क किए बिना किसी भी यात्री को यात्रा नहीं करनी चाहिए।"

बिजली गुल
पिछले 48 घंटों में कश्मीर में इस मौसम की सबसे ज्यादा बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे सड़क संपर्क, वायु संपर्क और बिजली तथा पानी आपूर्ति में बाधा आई है। हालांकि अधिकारियों ने बुधवार को अंतर-जिला संपर्क बहाल की थी, लेकिन श्रीनगर और अन्य शहरों में बिजली बहाली की शिकायत कर रहे हैं।

पानी की किल्लत
श्रीनगर के वजीरबाग और गोग्जीबाग के लोग पिछले दो दिनों से बिजली और पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। कश्मीर घाटी के इलाकों से भी ऐसी ही शिकायतें आ रही हैं।

मौसम साफ तो उड़ेंगे विमान
श्रीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को उड़ानें फिर से भरी जाएंगी, लेकिन यह जमीनी दृश्यता में सुधार पर निर्भर है।

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के शिमला और मनाली, गुरुवार की सुबह बर्फ की चादर से ढके रहे जिससे यहां का नजारा और खूबसूरत हो गया।

बर्फीली हवाओं ने मार डाला
बर्फीली हवाओं के चलते शिमला में कंपकंपाने वाली सर्दी है। गुरुवार की सुबह शिमला का न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां आठ सेंटीमीटर बर्फबारी हुई।

मनाली में बर्फ
मौसम विभाग के मुताबिक, मनाली में तीन सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। शिमला के पास के पर्यटन स्थलों कुफरी, फागू और नरकंडा में मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई।

कई पर्यटन स्थलों में बर्फ
धर्मशाला के आसपास हिमालय की धौलाधर श्रृंखलाओं पर भी बर्फबारी देखी गई। अधिक ऊंचे लाहौल स्पीति, चंबा, मंडी, कुल्लू, किन्नौर, सिरमौर और शिमला जिलों में मध्यम से लेकर भारी बर्फबारी हुई।

तापमान में गिरावट
राज्य के धर्मशाला, पालमपुर, सोलन, नाहन, बिलासपुर, उना, हमीरपुर और मंडी इलाकों में हुई बर्फबारी की वजह से तापमान में गिरावट आई।

किन्नौर में भारी बर्फबारी
किन्नौर के काल्पा में एक फीट तक बर्फबारी हुईं, यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.8 डिग्री सेल्सियस, लाहौल स्पीति के कीलांग का शून्य से नीचे 8.9 डिग्री और मनाली का न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धर्मशाला का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा, यहां 67.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।












Click it and Unblock the Notifications